दिल्ली दर्पण ब्यूरो|नई दिल्ली:- दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में स्थित एक जिम पर फायरिंग की घटना को लेकर बड़ा दावा सामने आया है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े रणदीप मलिक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस वारदात की जिम्मेदारी ली है। पोस्ट में जिम मालिक रोहित खत्री को सीधे तौर पर धमकी दी गई है।
रणदीप मलिक ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि पश्चिम विहार स्थित आरके फिटनेस जिम पर हुई फायरिंग उसी और उसके साथी अनिल पंडित (यूएसए) के कहने पर करवाई गई है। उसने दावा किया कि उसने पहले रोहित खत्री को फोन किया था, लेकिन कॉल इग्नोर किए जाने के बाद यह कदम उठाया गया।
पोस्ट में चेतावनी देते हुए लिखा गया है कि अगर अगली बार कॉल रिसीव नहीं की गई तो अंजाम और गंभीर होगा। धमकी भरे अंदाज में कहा गया, “अगर अगली बार कॉल नहीं उठाई, तो तुझे धरती से उठा दूंगा।”
रणदीप ने आगे लिखा कि वह सिर्फ बातें करने में नहीं बल्कि करके दिखाने में विश्वास रखता है। पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई का नाम लेते हुए कहा गया कि जो भी उनके दुश्मन हैं, वे जीवनभर दुश्मन ही रहेंगे।

पुलिस जांच में जुटी
इस मामले के सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस अलर्ट मोड पर है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता की पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फायरिंग की घटना वास्तव में कब और कैसे हुई तथा इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।
अमेरिका में गैंगवार का असर?
गौरतलब है कि हाल ही में अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े दो गैंगस्टरों की मौत की खबर सामने आई थी। बताया जा रहा है कि यह मुठभेड़ भारतीय मूल के दो गैंगों के बीच हुई थी। इस गैंगवार में दो लोगों के मारे जाने का दावा किया गया है।
इस घटना की जिम्मेदारी विरोधी गैंग बलजोत और जस्सा ने ली है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए आगे और हमलों की धमकी भी दी है। माना जा रहा है कि अमेरिका में हुई इस गैंगवार के बाद गैंगों के बीच टकराव और तेज हो गया है, जिसका असर अब भारत में भी दिखने लगा है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/on-national-youth-day-the-message-of-the-blessings-of-the-prime-minister-is-as-follows/

