Delhi News: भलस्वा डेयरी में मामूली विवाद के बाद युवक ने की फायरिंग, इलाके में मचा हड़कंप
राजधानी दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में मामूली विवाद के बाद फायरिंग की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि सड़क पर कार रिवर्स करने को लेकर हुए झगड़े के बाद एक बाइक सवार युवक ने कथित तौर पर देसी कट्टे से फायरिंग कर दी। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक यह घटना मुकुंदपुर-2 स्थित गली नंबर 6, 20 फुटा रोड के पास हुई। पुलिस को 4 मार्च को सूचना मिली कि एक युवक ने वहां हवाई फायरिंग की है और गली में खड़ी गाड़ियों के शीशे भी तोड़ दिए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
कार रिवर्स करने को लेकर हुआ विवाद
पीड़ित अरविंद कुमार पांडेय ने पुलिस को बताया कि शाम करीब 4:50 बजे जब वह अपनी कार को रिवर्स कर रहे थे, तभी गली में एक मोटरसाइकिल सवार युवक से उनका विवाद हो गया। बताया जाता है कि कुछ देर बाद वही बाइक सवार युवक वापस लौटा और उसके हाथ में देसी कट्टा था।
आरोप है कि युवक ने अरविंद पांडेय पर फायरिंग की, हालांकि गोली उन्हें नहीं लगी और वह सुरक्षित बच गए। इसके बाद आरोपी ने गली में खड़ी दो कारों के शीशे पत्थर मारकर तोड़ दिए और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्पेशलाइज्ड टीमों ने मौके का मुआयना किया। हालांकि घटनास्थल से कोई खाली कारतूस बरामद नहीं हुआ। पीड़ित के बयान और शुरुआती जांच के आधार पर भलस्वा डेयरी थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 321(2), 324(4) और आर्म्स एक्ट की धारा 27/54/59 के तहत FIR दर्ज की है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और तकनीकी व मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक को गली में हथियार लहराते हुए देखा जा सकता है।
यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/dtcs-electric-bus-derailed-within-minutes-after-escaping-from-the-road-in-dalal/

