नई दिल्ली | दिल्ली दर्पण ब्यूरो
आम आदमी पार्टी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि दिल्ली में बढ़ते अपराध और नशे के अवैध कारोबार को सत्ता का सीधा संरक्षण प्राप्त है। ‘आप’ नेताओं ने भारत नगर इलाके के एक पुलिस अधिकारी का वीडियो जारी किया, जिसमें वह कथित तौर पर यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि जब भी पुलिस अपराधियों को पकड़ती है, तो मुख्यमंत्री कार्यालय और स्थानीय विधायक की ओर से उन्हें छोड़ने के आदेश आ जाते हैं। पार्टी का आरोप है कि वजीरपुर जैसे इलाकों में सरेआम नशा बिक रहा है और पुलिस चाहकर भी इन ‘सिंडिकेट्स’ पर कार्रवाई नहीं कर पा रही है क्योंकि उनके हाथ राजनीतिक दबाव में बंधे हुए हैं
प्रेस कॉन्फ्रेंस में नाबालिगों द्वारा किए जा रहे अपराधों पर गहरी चिंता व्यक्त की गई। सौरभ भारद्वाज ने बताया कि दिल्ली के गरीब और रिसेटलमेंट इलाकों में 12 से 16 साल के बच्चों को ‘सूखे नशे’ की लत लगाकर ‘छोटी मशीन’ के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। ये बच्चे मामूली पैसों और नशे की पुड़िया के लिए हत्या और रंगदारी जैसे संगीन जुर्म कर रहे हैं। हाल ही में वजीरपुर जेजे कॉलोनी में हुई एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि अपराधियों में कानून का खौफ खत्म हो चुका है, क्योंकि उन्हें पता है कि उनके पीछे मुख्यमंत्री और सत्ताधारी दल का हाथ है।
अंत में, आम आदमी पार्टी ने इस पूरे नेक्सस के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्र सरकार की सुरक्षा नीति को जिम्मेदार ठहराया। नेताओं ने कहा कि दिल्ली पुलिस और बॉर्डर्स केंद्र के पास होने के बावजूद भारी मात्रा में नशा दिल्ली की गलियों तक पहुँच रहा है। ‘आप’ ने उपराज्यपाल से मांग की है कि इस मामले में तुरंत संज्ञान लें और नैतिक आधार पर मुख्यमंत्री का इस्तीफा लिया जाए। पार्टी ने चेतावनी दी है कि वे इस ‘क्रिमिनल नेक्सस’ के खिलाफ दिल्ली की सड़कों पर उतरेंगे और मुख्यमंत्री के इस्तीफे के लिए एक चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे।

