नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा के बजट सत्र के दौरान आज उस वक्त भारी बवाल मच गया जब आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायकों ने विपक्ष की नेता (LoP) आतिशी के नेतृत्व में भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। हाल ही में पालम इलाके में हुए दर्दनाक अग्निकांड को लेकर ‘आप’ ने सरकार के ₹1 लाख करोड़ के बजट दावों को ‘जुमलेबाजी’ और ‘फर्जीवाड़ा’ करार दिया है।
“9 लोगों की जान का जिम्मेदार कौन?”
सदन के बाहर और भीतर प्रदर्शन करते हुए ‘आप’ विधायकों ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने ₹1 लाख करोड़ के भारी-भरकम बजट का डंका तो खूब पीटा, लेकिन जब पालम में आग लगी, तो सरकारी तंत्र पूरी तरह विफल साबित हुआ। आतिशी ने तीखा हमला बोलते हुए कहा, “जिस सरकार के पास ₹1 लाख करोड़ का बजट है, उसके दमकल विभाग के पास एक सीढ़ी तक नहीं थी जो समय पर खुल सके। इस निकम्मेपन ने हंसते-खेलते परिवार के 9 लोगों की जान ले ली।”
बजट के दावों पर ‘आप’ का वार
प्रदर्शन के दौरान ‘आप’ नेताओं ने भाजपा सरकार के विकास के दावों की पोल खोलते हुए कहा कि यह बजट केवल कागजों और जुमलों तक सीमित है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर दिल्ली की सुरक्षा के लिए बुनियादी सुविधाएं जैसे दमकल की आधुनिक सीढ़ियां और उपकरण ही उपलब्ध नहीं हैं, तो फिर इस विशाल बजट का पैसा आखिर जा कहाँ रहा है? ‘आप’ ने इसे सीधे तौर पर सरकारी लापरवाही से हुई ‘हत्या’ करार दिया।

आतिशी के नेतृत्व में घेराबंदी
विपक्ष की नेता आतिशी के नेतृत्व में विधायकों ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार विरोधी नारे लगाए। उन्होंने मांग की कि पालम अग्निकांड के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो और दमकल विभाग की इस बड़ी चूक की उच्च स्तरीय जांच की जाए। ‘आप’ ने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार अपनी जवाबदेही तय नहीं करती और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, उनका विरोध जारी रहेगा।

