Sunday, May 3, 2026
spot_img
Homeदिल्लीदिल्ली में बड़ा हादसा: विवेक विहार में AC ब्लास्ट से 6 फ्लैटों...

दिल्ली में बड़ा हादसा: विवेक विहार में AC ब्लास्ट से 6 फ्लैटों में लगी भीषण आग, 9 लोगों की मौत; सीएम रेखा गुप्ता ने जताया दुख

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली के विवेक विहार इलाके से एक बेहद दर्दनाक और बड़ी खबर सामने आई है। विवेक विहार फेज-1 स्थित एक रिहायशी इमारत में देर रात एयर कंडीशनर (AC) में ब्लास्ट होने से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और 6 फ्लैटों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

देर रात हुआ हादसा, सुबह 3:47 बजे मिली सूचना

मिली जानकारी के अनुसार, विवेक विहार फेज-1 के बी-13 परिसर स्थित एक बहुमंजिला इमारत में देर रात करीब 3:47 बजे आग लगने की सूचना दमकल विभाग और पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, विवेक विहार के एसएचओ (SHO) और एसीपी (ACP) दमकल की गाड़ियों और क्राइम टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने बताया कि आग इमारत की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल पर स्थित फ्लैटों में लगी हुई थी। इस इमारत में करीब 8 परिवार रहते थे। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

रेस्क्यू ऑपरेशन में बचाए गए 10-15 लोग

हादसे की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की 12 गाड़ियां, डीडीएमए (DDMA) स्टाफ, यातायात अधिकारी और स्थानीय पुलिस की मदद से तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।

बचाव अभियान के दौरान इमारत में फंसे 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इनमें से दो लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, धुएं और आग की चपेट में आने से 9 लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से मौके पर सर्च ऑपरेशन जारी है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जताया गहरा दुख

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा:

विवेक विहार की एक इमारत में लगी आग की घटना अत्यंत दुखद है। इस हादसे में 9 लोगों की मृत्यु से मन व्यथित है। हादसे में घायल हुए लोगों का नजदीकी अस्पताल में उपचार चल रहा है, उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें यह कठिन समय सहने की शक्ति प्रदान करें।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि स्थानीय प्रशासन, डीडीएमए, दिल्ली फायर सर्विस और दिल्ली पुलिस के आला अधिकारी राहत और बचाव कार्यों में पूरी तत्परता से जुटे हैं। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और प्रभावितों को हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि स्थानीय विधायक और निगम पार्षद भी राहत कार्य में अपना सहयोग दे रहे हैं और दिल्ली सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।

यह भी पढ़ें: https://delhidarpantv.com/delhi-dabri-flyover-accident-delivery-boy-death-cctv-footage/

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments