नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। दिल्ली सरकार जल्द ही ‘महिला समृद्धि योजना’ के तहत रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू करने जा रही है। इस योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को हर महीने ₹2500 की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, सरकार जून महीने से योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर सकती है। इस योजना का लाभ दिल्ली की करीब 17 लाख महिलाओं को मिलने का अनुमान है। हालांकि, यह योजना सभी महिलाओं के लिए नहीं होगी, बल्कि आर्थिक रूप से जरूरतमंद और तय पात्रता शर्तों को पूरा करने वाली महिलाओं को ही इसका फायदा मिलेगा।
दिल्ली सरकार का कहना है कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और जरूरतमंद परिवारों को राहत देना है। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया ऑनलाइन पोर्टल के जरिए पूरी की जाएगी, जहां महिलाओं को जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे।
सरकार जल्द ही योजना से जुड़ी पात्रता, जरूरी दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया की पूरी जानकारी जारी कर सकती है। ऐसे में महिलाओं को सलाह दी जा रही है कि वे रजिस्ट्रेशन शुरू होने से पहले अपने जरूरी दस्तावेज तैयार रखें।

