राजधानी दिल्ली में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक घर के अंदर मां और बेटे के खून से लथपथ शव बरामद हुए। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे लूटपाट की आशंका जताई जा रही है।
मृतकों की पहचान 42 वर्षीय शारदा और उनके 15 वर्षीय बेटे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अज्ञात बदमाश घर में घुसे और धारदार हथियार से दोनों पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया।
जानकारी के मुताबिक, महिला का पति साप्ताहिक बाजार में सब्जी की दुकान लगाता है। बुधवार देर रात जब वह घर लौटा, तो किचन में पत्नी और बेटे को खून से लथपथ पड़ा देखकर उसके होश उड़ गए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
परिजनों का आरोप है कि घर से 10 से 12 लाख रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवर भी गायब हैं। ऐसे में पुलिस हत्या के साथ-साथ लूट के एंगल से भी जांच कर रही है।
मृतक परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं का रहने वाला बताया जा रहा है और पिछले करीब 15 वर्षों से गोविंदपुरी की गली नंबर-10 में रह रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है। मामले की जांच के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
वहीं, बीते 24 घंटों में दिल्ली में हत्या और संदिग्ध मौत की कई अन्य घटनाएं भी सामने आई हैं। रोहिणी में पुरानी रंजिश के चलते दो नाबालिगों की हत्या कर दी गई, जबकि इंद्रपुरी में एक महिला की संदिग्ध मौत के बाद पुलिस ने पति और देवर को गिरफ्तार किया है।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने राजधानी की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

