नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में बिजली बचाने और ऊर्जा के बेहतर उपयोग को लेकर दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने सभी विभागों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि एयर कंडीशनर (AC) को अब 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच ही चलाया जाए।
सरकारी आदेश के अनुसार, दफ्तरों में अनावश्यक बिजली खपत को रोकने के लिए दिन के समय लाइटें बंद रखी जाएंगी और जहां संभव हो वहां प्राकृतिक रोशनी का अधिक उपयोग किया जाएगा।
इसके अलावा, सभी सरकारी कार्यालयों को यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि काम खत्म होने के बाद सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे AC, पंखे, कंप्यूटर, प्रिंटर और अन्य मशीनें पूरी तरह बंद कर दी जाएं।
सरकार ने साफ किया है कि यह कदम बिजली की बर्बादी रोकने और ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए उठाया गया है। यह आदेश सभी विभागों, स्वायत्त निकायों और स्थानीय संस्थाओं पर लागू होगा।
विशेषज्ञों के अनुसार, AC का तापमान 24–26 डिग्री पर रखने से न केवल बिजली की खपत कम होती है बल्कि यह पर्यावरण के लिए भी बेहतर है।
दिल्ली सरकार का यह फैसला प्रधानमंत्री की ऊर्जा बचत अपील के बाद लिया गया है, जिसे आने वाले समय में सख्ती से लागू किया जाएगा।

