दिल्ली: बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबा 7 वर्षीय मासूम, छोटे भाई के साथ घर से निकला था
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के समयपुर बादली इलाके में बारिश के बाद हुए जलभराव ने एक परिवार से उसका सात वर्षीय बेटा छीन लिया। संजय कॉलोनी निवासी रेहान नाम का बच्चा गुरुवार सुबह अपने पांच वर्षीय छोटे भाई के साथ घर से बाहर निकला था, लेकिन कुछ ही देर बाद बारिश के पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, रेहान तीसरी कक्षा का छात्र था। पिछले दो दिनों की लगातार बारिश के कारण एक खाली प्लॉट में काफी पानी भर गया था। सुबह करीब 8:30 बजे वह अपने छोटे भाई के साथ शौच के लिए निकला था। इसी दौरान वह प्लॉट के उस हिस्से में पहुंच गया जहां पानी अधिक था और गहरे गड्ढे में डूब गया। छोटा भाई किसी तरह घर लौट आया, लेकिन रेहान वापस नहीं आया।
बेटे के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। खोजबीन के दौरान घटनास्थल के पास रेहान की पानी की बोतल मिली, जिससे परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद परिवार और स्थानीय लोगों ने पानी में तलाश की, जहां कुछ देर बाद रेहान का शव मिला।
परिजनों का आरोप है कि खाली प्लॉट में जमा बारिश का पानी और सुरक्षा इंतजामों की कमी इस दर्दनाक हादसे की बड़ी वजह है। उनका कहना है कि यदि प्लॉट की उचित देखरेख की गई होती या वहां जलभराव न होता, तो मासूम की जान बच सकती थी।
परिवार ने करीब दो घंटे तक बच्चे की तलाश की। पानी से बाहर निकालने के बाद उसे तुरंत बुराड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
समयपुर बादली थाना पुलिस ने बताया कि मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में किसी साजिश के संकेत नहीं मिले हैं और मामला दुर्घटनावश डूबने का प्रतीत होता है।
गौरतलब है कि पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इस घटना ने एक बार फिर खुले और पानी से भरे खाली प्लॉटों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।