दिन में गणित पढ़ाता, रात में गैंगस्टर के लिए करता था रेकी, दिल्ली पुलिस ने दबोचा आरोपी
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में अपराध की दुनिया से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गैंगस्टर हरि बॉक्सर और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक कथित स्थानीय सहयोगी को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी पेशे से गणित का शिक्षक है, लेकिन पुलिस के अनुसार वह गैंग के लिए रेकी कर महत्वपूर्ण जानकारियां और वीडियो उपलब्ध कराता था।
पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपी ने मुखर्जी नगर के एक कारोबारी के कार्यालय की रेकी कर उसका वीडियो बनाया और उसे गैंगस्टर हरि बॉक्सर तक पहुंचाया। इसी वीडियो के आधार पर कारोबारी से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई।
विदेशी नंबर से मिली धमकी
पुलिस के अनुसार, 15 जून को मुखर्जी नगर के एक कारोबारी के व्हाट्सएप पर विदेशी नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को हरि बॉक्सर बताते हुए एक सप्ताह के भीतर 10 करोड़ रुपये देने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि रकम नहीं मिलने पर कारोबारी और उसके परिवार को जान से मार दिया जाएगा।
ऑफिस का वीडियो भेजकर बढ़ाया दबाव
कुछ समय बाद बदमाशों ने कारोबारी के ऑफिस का वीडियो भेजा और दावा किया कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो कार्यालय को बम से उड़ा दिया जाएगा। वीडियो देखकर कारोबारी घबरा गया और मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी।
जांच में सामने आया गैंग का नेटवर्क
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मामले की जांच शुरू की तो पता चला कि रंगदारी मांगने के लिए कई अंतरराष्ट्रीय नंबरों का इस्तेमाल किया गया था। तकनीकी जांच और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस कर रही नेटवर्क की जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी कब से गैंगस्टर नेटवर्क के संपर्क में था, उसने किन-किन लोगों की रेकी की और इस गिरोह से जुड़े अन्य स्थानीय सहयोगियों की क्या भूमिका रही। मामले में आगे की जांच जारी है।