दिल्ली का एतिहासिक लाल किला रहेगा एक महीने के लिए बंद
दिल्ली दर्पण ब्यूरो | नई दिल्ली | 16 जुलाई 2026
राजधानी दिल्ली का एतिहासिक लाल किला एक महीने के लिए पयर्टन के लिए बंद होने जा रहा है! स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के चलते ऐतिहासिक लाल किला 15 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक आम लोगों और पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने सुरक्षा व्यवस्था और समारोह की तैयारियों को देखते हुए यह बड़ा फैसला लिया है।
ASI द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इस अवधि में लाल किला परिसर में केवल अधिकृत सरकारी अधिकारियों और वैध पास धारकों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। 15 अगस्त को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय समारोह के मद्देनज़र पूरे परिसर की सुरक्षा व्यवस्था सुरक्षा एजेंसियों के नियंत्रण में रहेगी।
इस दौरान लाल किले के अंदर बैरिकेडिंग, मुख्य मंच का निर्माण, तकनीकी उपकरणों की स्थापना और सुरक्षा से जुड़े अन्य इंतजाम किए जाएंगे। प्रधानमंत्री के संबोधन और अन्य वीआईपी गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही पूरे परिसर का सुरक्षा ऑडिट कर रही हैं।
गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों से स्वतंत्रता दिवस से पहले लाल किले को लंबे समय के लिए बंद रखने की परंपरा जारी है। वर्ष 2022 से लगातार इसे लगभग 30 दिनों के लिए आम जनता के लिए बंद किया जा रहा है, ताकि समारोह की तैयारियां बिना किसी बाधा के पूरी की जा सकें।
ऐसे में यदि आप दिल्ली के एतिहासिक लाल किला घूमने की योजना बना रहे हैं, तो अब आपको 15 अगस्त के बाद ही यहां प्रवेश मिल सकेगा। इसलिए लाल किला आने से पहले जान ले आपके घुमने का प्लान का सही समय क्या है!