Sunday, May 3, 2026
spot_img
Home Blog Page 46

दिल्ली में मणिपुर की युवती से बदसलूकी, पार्क में दोस्त संग टहलते वक्त युवकों ने की मारपीट

दिल्ली के साकेत में मणिपुर की युवती से बदसलूकी, विरोध करने पर मारपीट; अस्पताल में कराया गया भर्ती

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में एक बार फिर नॉर्थ-ईस्ट की रहने वाली युवतियों के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। दक्षिण दिल्ली के साकेत इलाके में रविवार को पार्क में घूम रही मणिपुर की एक युवती के साथ कुछ युवकों ने कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी की। जब युवती और उसकी दोस्त ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने युवती के साथ मारपीट कर दी।

विरोध करने पर युवकों ने की मारपीट

जानकारी के मुताबिक, पीड़िता अपनी एक दोस्त के साथ पार्क में टहल रही थी। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों ने उन पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं। जब दोनों लड़कियों ने इसका विरोध किया तो कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने युवती के साथ मारपीट कर दी, जिससे वह घायल हो गई।

घटना के बाद घायल युवती को इलाज और मेडिकल जांच के लिए सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। दिल्ली पुलिस के अनुसार पीड़िता को हल्की चोटें आई हैं और मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और घटना की पूरी सच्चाई सामने लाने के लिए जांच जारी है।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

गौरतलब है कि हाल के दिनों में नॉर्थ-ईस्ट की महिलाओं के साथ बदसलूकी के कई मामले सामने आ चुके हैं। कुछ दिन पहले भी इसी तरह की घटना में पुलिस ने केस दर्ज कर एक पति-पत्नी को गिरफ्तार किया था।

होली विवाद में युवक की हत्या का मामला भी चर्चा में

इधर, दिल्ली में हाल ही में एक और आपराधिक घटना ने सुर्खियां बटोरी हैं। पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली खेलने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी।

मृतक की पहचान तरुण के रूप में हुई थी। आरोप है कि दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान एक पक्ष ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें तरुण गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। घटना में तरुण के चाचा भी गंभीर रूप से घायल हुए थे।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने राजधानी में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे में अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस की सख्ती और प्रभावी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/uttam-nagar-murder-case-mcd-conducts-action-at-the-accuseds-house/

Uttam Nagar Murder Case: आरोपी के घर पर चला बुलडोजर, MCD ने शुरू की कार्रवाई

Delhi News: उत्तम नगर हत्याकांड में बड़ा एक्शन, आरोपी की संपत्ति पर चला बुलडोजर

राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन 26 वर्षीय युवक तरुण की पीट-पीटकर हत्या के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में कार्रवाई करते हुए Municipal Corporation of Delhi (MCD) की टीम आरोपी निजामुद्दीन से जुड़ी संपत्ति पर बुलडोजर लेकर पहुंची और अवैध निर्माण को तोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक एक नाबालिग समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।

बुलडोजर लेकर पहुंची MCD की टीम

उत्तम नगर में युवक की हत्या के बाद प्रशासन एक्शन मोड में नजर आ रहा है। रविवार को MCD की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और आरोपी से जुड़ी प्रॉपर्टी पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी।

अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान इस संपत्ति में अवैध निर्माण पाया गया था, जिसके बाद नियमों के तहत इसे तोड़ने का फैसला लिया गया। इलाके में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया।

पानी का गुब्बारा फेंकने से शुरू हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, यह घटना होली के दिन पानी का गुब्बारा फेंकने को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद हुई। जानकारी के अनुसार, एक बच्ची द्वारा कथित तौर पर एक महिला पर पानी का गुब्बारा फेंक दिया गया था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग सड़क पर इकट्ठा हो गए। इसके बाद झगड़ा हिंसक हो गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस झड़प में करीब आठ लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

इलाज के दौरान हुई तरुण की मौत

मारपीट के दौरान 26 वर्षीय तरुण को गंभीर चोटें आई थीं। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। तरुण की मौत के बाद मामला और गंभीर हो गया और इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।

हत्या की धारा जोड़ी गई

मामले की जांच कर रही Delhi Police ने बताया कि शुरुआत में केस भारतीय न्याय संहिता की धारा 110 और 3(5) के तहत दर्ज किया गया था। हालांकि तरुण की मौत के बाद एफआईआर में धारा 103(1) यानी हत्या की धारा भी जोड़ दी गई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/cm-takes-strict-action-against-best-city-murder-case-keeping-force-pain-on-who-is-not-tolerated/

उत्तम नगर मर्डर केस पर सख्त हुईं CM रेखा गुप्ता, बोलीं– दरिंदगी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं

Delhi News: उत्तम नगर हत्याकांड पर CM रेखा गुप्ता का सख्त संदेश, कहा– दरिंदगी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं

दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दौरान हुए युवक तरुण की हत्या के मामले पर दिल्ली की मुख्यमंत्री Rekha Gupta ने गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को बेहद दर्दनाक, निंदनीय और समाज को झकझोर देने वाली बताया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राजधानी में ऐसी जघन्य और हिंसक घटनाओं के लिए शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई गई है और इस तरह की दरिंदगी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी के निर्देश

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन और पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि इस घटना में शामिल सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि इस मामले में सख्त और उदाहरणात्मक कार्रवाई होगी, ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी अमानवीय घटना करने की हिम्मत न कर सके।

पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है सरकार

मुख्यमंत्री ने मृतक तरुण के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में दिल्ली सरकार पूरी जिम्मेदारी के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि सरकार परिवार को हर संभव सहायता और न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
सीएम ने कहा कि परिवार ने अपना जवान बेटा खो दिया है और उनके इस दुख को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

पानी के गुब्बारे से शुरू हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, यह घटना होली के दिन उत्तम नगर की जेजे कॉलोनी में हुई। बताया जा रहा है कि एक 11 वर्षीय बच्ची द्वारा फेंके गए पानी के गुब्बारे से रंग की छींटें पड़ने के बाद विवाद शुरू हुआ। माफी मांगने के बावजूद विवाद बढ़ गया और हिंसक झड़प में बदल गया।

आरोप है कि कुछ लोगों ने 26 वर्षीय तरुण पर लोहे की रॉड, ईंट और पत्थरों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल तरुण को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

इलाके में तनाव, कई लोगों की गिरफ्तारी

घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया, कुछ वाहनों में आग लगा दी और पुलिस थाने का घेराव भी किया। मामले में कार्रवाई करते हुए Delhi Police ने अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/delhi-news-pm-will-make-big-spend-peas-with-party-today-tan-kardar-sundays/

Delhi News: दिल्ली को मिलेगा मेट्रो का बड़ा तोहफा, पीएम मोदी आज करेंगे तीन कॉरिडोर का शिलान्यास

Delhi News: पीएम मोदी आज रखेंगे दिल्ली मेट्रो के तीन नए कॉरिडोर की आधारशिला, बढ़ेगी कनेक्टिविटी और घटेगा प्रदूषण

राजधानी दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में आज एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। प्रधानमंत्री Narendra Modi 8 मार्च को दिल्ली मेट्रो के फेज-V(A) के तहत तीन नए मेट्रो कॉरिडोर का शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं के शुरू होने से राजधानी में यात्रा अधिक तेज, सुविधाजनक और पर्यावरण के अनुकूल होने की उम्मीद है।

इन नए कॉरिडोर के निर्माण से लाखों यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा और प्रदूषण में भी कमी आएगी।

रामकृष्ण आश्रम मार्ग–इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर से सेंट्रल विस्टा को नई कनेक्टिविटी

दिल्ली मेट्रो फेज-V(A) के तहत सबसे बड़ा कॉरिडोर रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ के बीच बनाया जाएगा। करीब 9.9 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर को सेंट्रल विस्टा क्षेत्र की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए अहम माना जा रहा है।
यह रूट राजधानी के प्रमुख प्रशासनिक और पर्यटन स्थलों को सीधे मेट्रो नेटवर्क से जोड़ेगा, जिससे यात्रियों को तेज और सुगम सफर का विकल्प मिलेगा।

तुगलकाबाद–कालिंदी कुंज लाइन से दक्षिण दिल्ली और नोएडा के बीच सफर आसान

दूसरा कॉरिडोर तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज के बीच बनाया जाएगा, जिसकी लंबाई लगभग 3.9 किलोमीटर होगी। यह गोल्डन लाइन एक्सटेंशन का हिस्सा होगा।
इस कॉरिडोर के शुरू होने से दक्षिण दिल्ली और नोएडा के बीच यात्रा करने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी। साथ ही सड़क मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव भी कम होने की संभावना है।

एरोसिटी से IGI टर्मिनल-1 तक मेट्रो कनेक्टिविटी का विस्तार

तीसरा कॉरिडोर एरोसिटी से Indira Gandhi International Airport के टर्मिनल-1 तक बनाया जाएगा। करीब 2.3 किलोमीटर लंबा यह गोल्डन लाइन एक्सटेंशन एयरपोर्ट तक पहुंच को और आसान बनाएगा।
इससे घरेलू उड़ानों के यात्रियों को मेट्रो के जरिए एयरपोर्ट पहुंचने में ज्यादा सुविधा मिलेगी और उन्हें तेज व भरोसेमंद परिवहन का विकल्प मिलेगा।

बुराड़ी में होगा शिलान्यास समारोह

इन तीनों परियोजनाओं का शिलान्यास 8 मार्च 2026 को सुबह 10 बजे दिल्ली के बुराड़ी स्थित डीडीए ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में किया जाएगा। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।

दिल्ली के लिए क्यों अहम है यह परियोजना

दिल्ली मेट्रो के इन नए कॉरिडोरों से राजधानी के परिवहन ढांचे को नई मजबूती मिलेगी। मेट्रो नेटवर्क के विस्तार से लोगों को तेज और आरामदायक यात्रा का विकल्प मिलेगा, जिससे सड़कों पर वाहनों की संख्या कम होगी और प्रदूषण में कमी आएगी।
साथ ही शहर के अलग-अलग हिस्सों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी से व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/dalal-municipal-corporation-department-of-the-fields-and-corrupt-cult-of-the-armor-in-the-house-of-the-civil-kashmir-param-jan-kads/

दिल्ली नगर निगम: डेपुटेशन का खेल और भ्रष्टाचार का ‘सुरक्षा कवच’, सवालों के घेरे में केशव पुरम जोन के डीसी

– दिल्ली दर्पण ब्यूरो 

नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम (MCD) में भ्रष्टाचार की जड़ें कितनी गहरी हो चुकी हैं, इसका ताजा उदाहरण केशव पुरम जोन में देखने को मिल रहा है। दिल्ली दर्पण टीवी पर प्रमुखता से खबर दिखाए जाने के बाद अब यह मामला उच्च स्तर तक पहुँच गया है। वर्तमान में केशव पुरम जोन के डिप्टी कमिश्नर (DC) संदीप गहलोत गंभीर सवालों और जांच के घेरे में हैं। स्थानीय लोगों और सूत्रों का दावा है कि इस जोन में भ्रष्टाचार की सभी सीमाएं लांघ दी गई हैं। सरेआम बिना नक्शे के अवैध बिल्डिंगें खड़ी की जा रही हैं और नकली कागजों के आधार पर खोखे लगाए जा रहे हैं, लेकिन प्रशासन की आंखें पूरी तरह बंद हैं।

इस भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा केंद्र वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया का प्लॉट नंबर A-91 बना हुआ है। आरोप है कि खुद डीसी साहब ने इस अवैध निर्माण को संरक्षण दिया हुआ है। हैरानी की बात यह है कि निगम द्वारा सील की गई बिल्डिंगों में भी धड़ल्ले से निर्माण कार्य जारी है और सड़कों पर अतिक्रमण का बोलबाला है। जनता का सीधा आरोप है कि भ्रष्टाचार पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति का दावा करने वाली भाजपा का यहाँ मज़ाक बन कर रह गया है। लोगों का कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है मानो अधिकारी केवल ‘कलेक्शन’ के मकसद से ही यहाँ तैनात किए गए हैं।

इस बेखौफ भ्रष्टाचार के पीछे का मुख्य कारण निगम की ‘डेपुटेशन नीति’ को माना जा रहा है। दरअसल, एमसीडी के 12 जोन में तैनात ज्यादातर डीसी स्तर के अधिकारी बाहर से, जैसे रेलवे या अन्य केंद्रीय विभागों से डेपुटेशन पर आते हैं। केशव पुरम के डीसी संदीप गहलोत भी रेलवे विभाग से आए हैं। चूंकि ये अधिकारी सीधे गृह मंत्रालय के अधीन होते हैं, इसलिए दिल्ली का विजिलेंस विभाग या लोकायुक्त इनके खिलाफ सीधी कार्रवाई नहीं कर सकता। इनकी जांच की शक्ति केवल केंद्र सरकार के पास है। इसी कानूनी पेचीदगी का फायदा उठाकर ये अधिकारी बिना किसी डर के काम करते हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि अधिक से अधिक उनका तबादला ही होगा।

नगर निगम के भीतर भी यह मांग लंबे समय से उठ रही है कि डीसी के पदों पर एमसीडी के अपने कैडर के अधिकारियों को ही पदोन्नत कर उन्हें प्रमोट कर तैनात किया जाए। विशेषज्ञों का मानना है कि निगम के अपने अधिकारियों को जमीन स्तर की पूरी जानकारी होती है और उन्हें भविष्य में प्रमोशन की चिंता और कार्रवाई का डर भी रहता है। इसके विपरीत, डेपुटेशन पर आए अधिकारियों का एमसीडी से कोई भावनात्मक जुड़ाव नहीं होता। वे कार्यकाल पूरा कर वापस चले जाते हैं और भ्रष्टाचार की गाज हमेशा उनके नीचे काम करने वाले निगम के छोटे कर्मचारियों पर गिरती है। इस मामले को दिल्ली नगर निगम नेता सदन , जोन चैयरमैन रहे योगेश वर्मा ने भी उठाया –उन्होंने हाल ही में सदन में साफ़ कहा डेपुटेशन पर एमसीडी में अधिकारीयों को भेजने की परम्परा बंद होनी चाहिए| 

विडंबना यह है कि दिल्ली नगर निगम में ‘अपॉइंटमेंट कमेटी’ होने के बावजूद उसके पास नियुक्तियों की कोई वास्तविक शक्ति नहीं है। यह कमेटी केवल केंद्र से आए आदेशों की सूचना प्राप्त करने तक सीमित रह गई है। जब तक नियुक्तियों की प्रक्रिया में पारदर्शिता और स्थानीय अधिकारियों को प्राथमिकता नहीं दी जाएगी, तब तक केशव पुरम जैसे जोनों में भ्रष्टाचार के ऐसे ही मामले सामने आते रहेंगे। अब देखना यह है कि क्या गृह मंत्रालय और केंद्र सरकार इन गंभीर शिकायतों पर कोई ठोस संज्ञान लेते हैं या नहीं।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/mcd-keshopuram-zone-a-1-crore-fortress-of-corruption-illegal-4-storey-building-rises-despite-court-orders-paper-seals/