Saturday, May 9, 2026
spot_img
Home Blog Page 79

बड़ी कामयाबी: लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शार्पशूटर दबोचा गया

दिल्ली: लॉरेंस बिश्नोई गैंग का वांटेड शूटर प्रदीप शर्मा गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच और राजस्थान पुलिस की संयुक्त कार्रवाई दिल्ली क्राइम ब्रांच और राजस्थान पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े एक वांटेड शूटर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रदीप शर्मा उर्फ गोलू (23) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के आगरा जिले का रहने वाला है। आरोपी को दिल्ली के उत्तम नगर इलाके से दबोचा गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रदीप शर्मा राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में दर्ज दो संगीन आपराधिक मामलों में वांछित था। उस पर एक बड़े कारोबारी से 4 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का गंभीर आरोप है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि जब रंगदारी की रकम नहीं मिली, तो आरोपी ने अपने गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर कारोबारी के घर पर फायरिंग कर दहशत फैला दी थी। यह वारदात मई 2025 में अंजाम दी गई थी।

गैंग के लिए हथियार सप्लाई करता था आरोपी

जांच एजेंसियों के मुताबिक, प्रदीप शर्मा न केवल शूटर की भूमिका निभा रहा था, बल्कि वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए हथियार और गोला-बारूद की सप्लाई भी करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में उसे गैंग का सक्रिय सप्लायर बताया गया है।

गंभीर धाराओं में दर्ज हैं केस

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई गंभीर धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं। यह पूरी कार्रवाई राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर स्क्वॉड और दिल्ली क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम द्वारा अंजाम दी गई।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की पूछताछ और जांच के लिए राजस्थान पुलिस की हिरासत में सौंप दिया गया है। पुलिस अब उससे गैंग के अन्य सदस्यों, हथियारों की सप्लाई चैन और आपराधिक नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।

यह भी पढ़ें:- http://delhidarpantv.com/dalal-sensation-param-relationship-in-vardh-sister-kind-5-accused-murder-of-param/

दिल्ली सनसनी: प्रेम संबंध के विरोध में बहन के प्रेमी की हत्या, 5 आरोपी दबोचे

दिल्ली : दिल्ली के रोहिणी इलाके में स्थित जापानी पार्क में 15 जनवरी को दिनदहाड़े एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। प्रेम संबंध से नाराज़ एक नाबालिग भाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर बहन के प्रेमी 18 वर्षीय दिव्यांशु की चाकू मारकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सभी पांच नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, दिव्यांशु का एक लड़की के साथ प्रेम संबंध था, जिसका लड़की का 17 वर्षीय भाई कड़ा विरोध करता था। इसी रंजिश के चलते उसने हत्या की साजिश रची और अपने दोस्तों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।

सोशल मीडिया के जरिए बुलाया पार्क

जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी ने दिव्यांशु को फंसाने के लिए अपने एक दोस्त के सोशल मीडिया अकाउंट का इस्तेमाल किया। बातचीत के दौरान मिलने का बहाना बनाया गया और उसे जापानी पार्क बुलाया गया। तय समय पर दिव्यांशु जब पार्क पहुंचा, तो वहां पहले से मौजूद नाबालिगों के एक समूह ने उस पर अचानक चाकू से हमला कर दिया।

अस्पताल में मृत घोषित

घटना की सूचना अपराह्न करीब तीन बजे पीसीआर को मिली, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दिव्यांशु गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसे बीएसए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

24 घंटे में सभी आरोपी पकड़े गए

पुलिस ने बताया कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। जांच के दौरान चश्मदीदों के बयान और तकनीकी सबूत जुटाए गए, जिसके आधार पर सभी पांच नाबालिगों को 24 घंटे के भीतर पकड़ लिया गया।

आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू, मृतक का मोबाइल फोन, कलाई घड़ी और एक कड़ा बरामद किया गया है।

बढ़ती हिंसा और सोशल मीडिया का दुरुपयोग

यह घटना प्रेम संबंधों को लेकर बढ़ती हिंसा और नाबालिगों द्वारा अपराध में शामिल होने की गंभीरता को उजागर करती है। सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर पीड़ित को जाल में फंसाना इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू है।

पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और किशोर न्याय अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/javier-fire-in-umbrella-party-umbrella-and-horse-having-combined-composition-and-decoration/

जेवियर फेयर में छात्रों, पूर्व छात्रों और शिक्षकों का हुआ मिलन, रचनात्मकता और यादों से सजा दिन

दिल्ली दर्पण ब्यूरो

नई दिल्ली:
जेवियर स्कूल परिसर में आयोजित वार्षिक जेवियर फेयर उत्साह, रचनात्मकता और भावनात्मक जुड़ाव का केंद्र बन गया, जहाँ वर्तमान छात्र, पूर्व छात्र और शिक्षक एक साथ एक ही मंच पर नजर आए।

छात्रों ने विभिन्न प्रकार के खेल और गतिविधियों के स्टॉल लगाए, जिनमें उनकी रचनात्मक सोच, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता की झलक देखने को मिली। कौशल आधारित खेलों से लेकर मनोरंजक गतिविधियों तक, मेले में हर आयु वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा छात्र पुनर्मिलन समारोह, जहाँ पूर्व छात्रों ने अपने पुराने दोस्तों और शिक्षकों से मुलाकात की और बीते दिनों की यादों को ताज़ा किया। माहौल अपनापन और मुस्कान से भरा रहा।

यह मेला न केवल मनोरंजन का माध्यम बना, बल्कि छात्रों में आत्मविश्वास, नेतृत्व और सामाजिक मूल्यों को भी मजबूत करने का मंच साबित हुआ।

जेवियर फेयर यादगार पलों और जेवियर परिवार से जुड़ाव की भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/gang-in-the-box-out-char-gag-on-shakaj-3-badmash-when/

दिल्ली में इंटर-स्टेट ऑटो चोर गैंग पर शिकंजा, 3 बदमाश काबू

दिल्ली: में इंटर-स्टेट ऑटो चोरी गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस कार्रवाई के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इस घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दिल्ली पुलिस की AATS वेस्ट डिस्ट्रिक्ट टीम ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए वाहन चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की गई KIA Seltos कार बरामद की है, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। इसी गाड़ी का इस्तेमाल हाई-एंड कार चोरी की कई वारदातों में किया जा रहा था।

ट्रैप लगाकर रोकी गई गाड़ी

पुलिस के अनुसार, Vivek Vihar ITI अंडरपास के पास इस संदिग्ध गाड़ी की लगातार आवाजाही देखी जा रही थी। इसी इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने 15 और 16 जनवरी की दरम्यानी रात ट्रैप लगाकर वाहन को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान कार चालक ने जानबूझकर पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया।

इस हमले में हेड कॉन्स्टेबल देवेंद्र और कॉन्स्टेबल मनीष घायल हो गए। इसके बावजूद पुलिस टीम ने साहस का परिचय देते हुए तीनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

जांच में हुआ बड़ा खुलासा

जांच में पता चला कि बरामद की गई KIA Seltos कार 2 सितंबर 2025 को मुखर्जी नगर इलाके से चोरी हुई थी। आरोपियों ने नंबर प्लेट बदलकर दिल्ली समेत कई जिलों में SUV चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।

आरोपी और आपराधिक रिकॉर्ड

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  • मशरूर (56 वर्ष) – निवासी सुल्तानपुर, उत्तर प्रदेश, जिस पर 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
  • आसिफ (42 वर्ष) – निवासी मेरठ, जिस पर 2 मामले दर्ज हैं।
  • अकील (40 वर्ष) – निवासी मुजफ्फरनगर, जिस पर 27 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है। पुलिस जल्द ही गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जता रही है।

ट्रैफिक अलर्ट: 17, 19, 20 और 21 जनवरी की सुबह कर्तव्य पथ बंद, जानिए पूरी एडवाइजरी

नई दिल्ली:
26 जनवरी को होने वाली गणतंत्र दिवस परेड की तैयारियों के तहत कर्तव्य पथ पर रिहर्सल 17, 19, 20 और 21 जनवरी को आयोजित की जाएगी। इस दौरान सुरक्षा और परेड के सुचारु संचालन को देखते हुए कर्तव्य पथ से जुड़े चार प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक प्रतिबंध लगाया जाएगा।

सुबह 10:15 से दोपहर 12:30 बजे तक रहेगा ट्रैफिक बंद
ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के मुताबिक, इन तारीखों पर सुबह 10:15 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निम्नलिखित क्रॉसिंग पूरी तरह बंद रहेंगी:

  • कर्तव्य पथ – रफी मार्ग
  • कर्तव्य पथ – जनपथ
  • कर्तव्य पथ – मान सिंह रोड
  • कर्तव्य पथ – सी-हेक्सागन

इसके अलावा, विजय चौक से इंडिया गेट तक कर्तव्य पथ का पूरा हिस्सा आम ट्रैफिक के लिए बंद रहेगा। परेड रिहर्सल के चलते इस इलाके में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

जाम लगने की आशंका, यात्रा पहले से प्लान करें

रिहर्सल के कारण ट्रैफिक डायवर्जन किया जाएगा, जिससे आसपास के इलाकों में जाम लगने की संभावना बनी रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सड़क पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। लोगों से यह भी कहा गया है कि अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए वे अपनी यात्रा पहले से प्लान करें।

ट्रैफिक पुलिस द्वारा सुझाए गए वैकल्पिक मार्ग

उत्तर-दक्षिण आवागमन के लिए

  • रिंग रोड (सराय काले खां) – I.P. फ्लाईओवर – राजघाट
  • लाजपत राय मार्ग – मथुरा रोड – भैरों रोड – रिंग रोड
  • अरबिंदो मार्ग – सफदरजंग रोड – कमल अतातुर्क मार्ग – कौटिल्य मार्ग – सरदार पटेल मार्ग – मदर टेरेसा क्रेसेंट – राम मनोहर लोहिया – बाबा खड़क सिंह मार्ग
  • पृथ्वीराज रोड – राजेश पायलट मार्ग – सुब्रमण्यम भारती मार्ग – मथुरा रोड – भैरों रोड – रिंग रोड
  • बरफखाना – आजाद मार्केट – रानी झांसी फ्लाईओवर – पंचकुइयां रोड – हनुमान मूर्ति – वंदे मातरम मार्ग – धौला कुआं

पूर्व-पश्चिम आवागमन के लिए

  • रिंग रोड – भैरों रोड – मथुरा रोड – सुब्रमण्यम भारती मार्ग – राजेश पायलट मार्ग – पृथ्वीराज रोड – सफदरजंग रोड – कमल अतातुर्क मार्ग – पंचशील मार्ग – साइमन बोलिवर मार्ग – अपर रिज रोड / वंदे मातरम मार्ग
  • रिंग रोड – आईएसबीटी – चंदगी राम अखाड़ा – मॉल रोड – आजादपुर – रिंग रोड
  • रिंग रोड – भैरों रोड – मथुरा रोड – लोधी रोड – अरबिंदो मार्ग – सफदरजंग रोड – तीन मूर्ति मार्ग – मदर टेरेसा क्रेसेंट – पार्क स्ट्रीट – शंकर रोड – वंदे मातरम मार्ग

ईस्ट से साउथ वेस्ट दिल्ली के लिए

  • रिंग रोड – वंदे मातरम मार्ग

साउथ से कनॉट प्लेस और सेंट्रल सेक्रेट्रिएट के लिए

  • मदर टेरेसा क्रेसेंट – पार्क स्ट्रीट – मंदिर मार्ग / बाबा खड़क सिंह मार्ग
  • रिंग रोड – वंदे मातरम मार्ग – लिंक रोड – पंचकुइयां रोड
  • रिंग रोड – सरदार पटेल मार्ग – 11 मूर्ति – मदर टेरेसा क्रेसेंट – राम मनोहर लोहिया – नॉर्थ एवेन्यू या बाबा खड़क सिंह मार्ग

विनय मार्ग और शांति पथ की ओर आने वाले वाहन चालकों को सरदार पटेल मार्ग – मदर टेरेसा क्रेसेंट – राम मनोहर लोहिया – बाबा खड़क सिंह मार्ग या पार्क स्ट्रीट – मंदिर मार्ग का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/advocate-council-has-organised-a-future-programme-to-appeal-for-the-movement-on-the-path-of-the-youths-self-help-group/