Sunday, May 24, 2026
spot_img
Homeब्रेकिंग न्यूज़मिर्जापुर में सनसनी: मॉर्निंग वॉक पर निकले सीनियर वकील की सरेआम गोली...

मिर्जापुर में सनसनी: मॉर्निंग वॉक पर निकले सीनियर वकील की सरेआम गोली मारकर हत्या; CCTV में कैद हुई खौफनाक वारदात

मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में शनिवार सुबह कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बेखौफ बदमाशों ने एक सीनियर वकील की गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात उस वक्त हुई जब वकील सुबह की सैर (Morning Walk) पर निकले थे। पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें हमलावर वारदात को अंजाम देकर भागते नजर आ रहे हैं।

सीने में सटाकर मारी गोली

मृतक की पहचान राजीव सिंह (45) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 7:15 बजे राजीव सिंह रोज की तरह टहलने के लिए घर से निकले थे। तभी कटरा कोतवाली क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। बाइक पर पीछे बैठे हमलावर ने नीचे उतरकर राजीव सिंह के सीने पर तमंचा सटाया और गोली चला दी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

बाइक स्टार्ट न होने पर तमंचा तानकर लोगों को डराया

सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के अनुसार, हत्या के बाद जब हमलावर भागने की कोशिश करने लगे, तो उनकी बाइक स्टार्ट नहीं हो सकी। शोर सुनकर जब आसपास के लोग बदमाशों को पकड़ने के लिए दौड़े, तो एक आरोपी ने तमंचा तानकर सबको जान से मारने की धमकी दी। लोग डरकर पीछे हट गए और कुछ ही पलों बाद बाइक स्टार्ट होते ही दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

चुनावी रंजिश और पुरानी दुश्मनी का शक

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी अपर्णा रजत कौशिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचीं। एसएसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला चुनावी रंजिश का लग रहा है। दरअसल, मृतक राजीव सिंह की पत्नी गांव की प्रधान हैं। मुख्य आरोपी राजेंद्र सोनकर भी प्रधान का चुनाव लड़ चुका है और दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि करीब 7 महीने पहले भी आरोपी ने राजीव सिंह के साथ मारपीट की थी।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपी की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई टीमें गठित की हैं और दावा किया है कि जल्द ही हत्यारे पुलिस की गिरफ्त में होंगे। इस घटना के बाद से स्थानीय वकीलों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

यह भी पढ़ें: https://delhidarpantv.com/stf-haryana-major-achiever-departs-from-thailand-to-india-was-brought-to-india-by-the-watt-gangster-sahal-chahan-bahab-and-key-members-of-bhartiya-gang/

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments