राजधानी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। मामूली विवाद में मारे गए एक थप्पड़ का बदला लेने के लिए एक व्यक्ति ने अपने ही साढ़ू की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने हत्या के बाद शव को दिल्ली जल बोर्ड की गहरी पाइपलाइन के नीचे छिपा दिया, लेकिन दिल्ली पुलिस ने महज 10 दिनों के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
क्या है पूरा मामला
मृतक की पहचान 40 वर्षीय राजा कुमार के रूप में हुई है, जो हरदेव नगर, झड़ौदा माजरा में अपने परिवार के साथ रहते थे। पुलिस जांच में सामने आया कि राजा कुमार की साली सपना पिछले एक महीने से अपनी बहन बबीता के घर रह रही थी। सपना और उसके पति जितेंद्र कुमार के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे।
10 मई की रात जितेंद्र अपनी पत्नी को मनाने के लिए ससुराल पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और गुस्से में राजा कुमार ने जितेंद्र को थप्पड़ मार दिया। यह अपमान जितेंद्र को इतना नागवार गुजरा कि उसने उसी वक्त बदला लेने की ठान ली।
माफी के बहाने रची हत्या की साजिश
पुलिस के अनुसार आरोपी जितेंद्र ने पहले राजा से माफी मांगी और फिर दोस्ती दिखाते हुए शराब पीने का प्रस्ताव रखा। राजा उसके झांसे में आ गया और दोनों स्कूटी से बुराड़ी इलाके में दिल्ली जल बोर्ड की पाइपलाइन के पास पहुंचे।
यहां शराब पीने के दौरान जितेंद्र ने अचानक पत्थर से राजा के सिर पर हमला कर दिया। कई वार करने के बाद उसने राजा की हत्या कर दी और शव को पाइपलाइन के नीचे छिपाकर फरार हो गया।
तीन दिन बाद मिला शव
13 मई की सुबह बुराड़ी मेट्रो स्टेशन के पास पाइपलाइन के नीचे एक सड़ी-गली लाश मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। भीड़ में मौजूद एक महिला ने शव की पहचान अपने देवर राजा कुमार के रूप में की।
शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी। इसी दौरान पता चला कि राजा की पत्नी बबीता ने 11 मई को वजीराबाद थाने में पति की गुमशुदगी दर्ज कराई थी और अपने जीजा जितेंद्र पर शक जताया था।
पुलिस ने ऐसे सुलझाया केस
नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी राजा बांठिया के मुताबिक पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस, पूछताछ और लगातार छापेमारी के जरिए आरोपी जितेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी सिर्फ थप्पड़ का बदला लेना चाहता था और इसी गुस्से में उसने हत्या जैसी खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

