प्रेम नगर और नांगलोई के दो परिवारों के लिए मुसीबत बनी अस्पताल की लापरवाही
दिल्ली के नांगलोई और प्रेम नगर इलाकों में दो अलग-अलग मृतकों के शवों के साथ अस्पताल और पुलिस की लापरवाही सामने आई। गलत पहचान के चलते एक परिवार ने दूसरे के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस घटना ने परिजनों और प्रशासन के होश उड़ा दिए। बीते बुधवार को नांगलोई में भारत भूषण (45) और प्रेम नगर में पंकज सिंह (40) की मौत हुई। दोनों शवों को संजय गांधी अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए रखा गया। अगले दिन प्रेम नगर के परिजन अपने मृतक पंकज के शव को लेने पहुंचे, लेकिन उन्हें अस्पताल ने बताया कि उनका शव गायब है। बाद में पता चला कि पंकज का शव गलती से नांगलोई के मृतक के परिवार को दे दिया गया और उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। पंकज के परिवार ने अस्पताल और पुलिस की लापरवाही पर गंभीर सवाल उठाए हैं। अस्पताल में शवों की पहचान के लिए नाम, उम्र और थाना क्षेत्र जैसी जानकारी उपलब्ध थी, बावजूद इसके यह भूल हुई। नांगलोई के मृतक भारत भूषण के परिजन ने भी शव की पहचान में गलती स्वीकार की, जबकि अस्पताल प्रशासन और पुलिस की भूमिका इस भूल में अहम रही।
इस घटना ने अस्पताल और पुलिस प्रशासन पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रेम नगर के पंकज सिंह के परिवार को अभी न्याय और अपने परिजन का अंतिम सम्मान दिलाने की राह पर संघर्ष जारी है।
ब्यूरो रिपोर्ट Delhi Darpan TV

