दिल्ली के बेगमपुर में 19 वर्षीय युवक की चाकू गोदकर हत्या, एक दिन पहले हुआ था लापता
दिल्ली दर्पण ब्यूरो | नई दिल्ली | 14 जुलाई 2026
नई दिल्ली | मुकेश राणा
दिल्ली के बेगमपुर इलाके में 19 वर्षीय युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। युवक एक दिन से लापता था और सोमवार को उसका शव सेक्टर-23 स्थित डीडीए ग्राउंड के सामने जंगल क्षेत्र से बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान चंदन (19) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के सीतामढ़ी का रहने वाला था। वह अपने भाई के साथ रिठाला के बुध विहार इलाके में किराये के मकान में रहता था और एक फैक्ट्री में काम करता था।
पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर सूचना मिली कि जंगल क्षेत्र में एक युवक का खून से लथपथ शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक के शरीर पर चाकू के कई वार के निशान मिले हैं। क्राइम और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
जांच में पता चला कि चंदन रविवार से लापता था और उसका भाई उसकी तलाश कर रहा था। पुलिस का मानना है कि हत्या के पीछे किसी प्रकार का विवाद हो सकता है और आरोपी मृतक के परिचित भी हो सकते हैं।
फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद ले रही है और चंदन के साथ काम करने वाले फैक्ट्री कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। मामले में कुछ संदिग्धों की पहचान कर उनसे पूछताछ की जा रही है।