डिजिटल क्रांति की ओर MCD: महापौर प्रवेश वाही ने लॉन्च किया ‘एड्यूलाइफ़ 2.0’ पोर्टल, पूरी तरह हाईटेक होंगे निगम विद्यालय
– दिल्ली दर्पण ब्यूरो
नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम (MCD) के शिक्षा विभाग ने डिजिटल इंडिया और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत एक बड़ा कदम उठाया है। दिल्ली के महापौर श्री प्रवेश वाही ने आज सिविक सेंटर स्थित सत्य नारायण बंसल सभागार में आधुनिक शिक्षा पोर्टल ‘एड्यूलाइफ़ 2.0’ (EduLife 2.0) को लॉन्च किया। इस गरिमामयी समारोह के दौरान महापौर ने निगम के शिक्षा विभाग की ऐतिहासिक उपलब्धियों पर आधारित एक विशेष पुस्तक का विमोचन भी किया। इस अवसर पर उप महापौर डॉ. मोनिका पंत, स्थायी समिति की अध्यक्ष श्रीमती सत्या शर्मा, नेता सदन श्री जय भगवान यादव और शिक्षा समिति के अध्यक्ष श्री योगेश वर्मा सहित निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी और स्कूल प्रधानाचार्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
महापौर श्री प्रवेश वाही ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीक का है। ऐसे में दिल्ली नगर निगम की यह अनूठी पहल प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की ‘डिजिटल इंडिया’ मुहिम को निगम के विद्यालयों में जमीनी स्तर पर लागू करने में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने बताया कि इस पोर्टल की सहायता से अभिभावकों को सीधे शिक्षण अधिगम प्रक्रिया से जोड़ा जाएगा, जिससे वे अपने बच्चों की दैनिक प्रगति, स्कूल में उपस्थिति और मिड-डे मील (मध्याह्न भोजन) के वितरण की ऑनलाइन निगरानी कर सकेंगे। यह व्यवस्था न केवल शिक्षा विभाग में पारदर्शिता बढ़ाएगी, बल्कि विद्यालयी प्रशासन को भी अधिक प्रभावी बनाएगी।
महापौर ने बच्चों को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि निगम के स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को सर्वश्रेष्ठ सुविधाएं प्रदान करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने इसके लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने निगम स्कूलों के विकास और आधुनिकरण के लिए हरसंभव मदद सुनिश्चित की है। इस नए पोर्टल के माध्यम से शैक्षणिक योजना बनाना, विद्यार्थियों की प्रगति को ट्रैक करना और डिजिटल शिक्षण संसाधनों की उपलब्धता बेहद आसान हो जाएगी, जो गुणवत्तापूर्ण और तकनीक-सक्षम शिक्षा के प्रति निगम की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इस मौके पर दिल्ली नगर निगम के नेता सदन एवं स्थायी समिति सदस्य श्री जय भगवान यादव ने शिक्षकों से अपील की कि वे इस नई तकनीक को पूरे मन से अपनाएं और अपना शत-प्रतिशत योगदान दें। उन्होंने कहा कि शुरुआती दौर में नई तकनीक को अपनाने में कुछ चुनौतियां आ सकती हैं, लेकिन इसका अंतिम उद्देश्य निगम स्कूलों के बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है। पोर्टल के माध्यम से अब शिक्षकों को भी छात्रों की प्रगति का सटीक और त्वरित मूल्यांकन करने में बड़ी मदद मिलेगी।
वहीं, शिक्षा समिति के अध्यक्ष श्री योगेश वर्मा ने विश्वास जताया कि यह डिजिटल पहल निगम के विद्यालयों को निजी (प्राइवेट) स्कूलों के समकक्ष लाकर खड़ा कर देगी। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग छात्रों की भलाई के लिए हर स्तर पर प्रयासरत है, जैसे पिछले वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से छात्रों के खातों में सीधे यूनिफॉर्म की राशि भेजी गई थी। अब इस पोर्टल पर एक और विशेष व्यवस्था की जा रही है, जिसके तहत निगम स्कूलों के मेधावी और होनहार खिलाड़ियों की सूची पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी, ताकि कोई भी बड़ी खेल अकादमी या संस्था उन्हें सीधे चुनकर आगे बढ़ा सके।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षा समिति के उपाध्यक्ष श्री अमित खरखड़ी ने कार्यक्रम में शामिल हुए सभी गणमान्य अतिथियों, अधिकारियों और प्रधानाचार्यों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने दोहराया कि निगम का शिक्षा विभाग छात्रों को उत्कृष्ट और आधुनिक सुविधाएं प्रदान करने के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है। ‘एड्यूलाइफ़ 2.0’ पोर्टल की शुरुआत के साथ दिल्ली नगर निगम के स्कूल अब एक नए और पारदर्शी डिजिटल युग में प्रवेश कर चुके हैं।