नई दिल्ली, 5 जून: विश्व पर्यावरण दिवस 2026 पूरे देश में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है. कहीं जागरूकता रैलियां निकाली जा रही हैं, कहीं पर्यावरण संरक्षण के नारे गूंज रहे हैं, तो कहीं बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाए जा रहे हैं. इस दिन का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और प्रकृति के प्रति उनकी जिम्मेदारी का एहसास कराना है.
क्या है इस वर्ष की थीम?
इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस का मुख्य फोकस “क्लाइमेट एक्शन” (जलवायु कार्रवाई) है. वैश्विक स्तर पर अभियान का संदेश “नाउ फॉर क्लाइमेट” रखा गया है. यह संदेश दुनिया भर के देशों, सरकारों और नागरिकों से जलवायु परिवर्तन के खिलाफ तत्काल कदम उठाने की अपील करता है.पिछले कुछ समय से देश के कई हिस्सों में मौसम का बदलता मिजाज चिंता का विषय बना हुआ है. देश की राजधानी दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में भीषण गर्मी ने लोगों का जीवन प्रभावित किया है. बढ़ते तापमान, प्रदूषण और घटते हरित क्षेत्र पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता को और अधिक महत्वपूर्ण बना रहे हैं.
दिल्ली में हरियाली का संकल्प
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजधानी दिल्ली में पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देने के लिए कई संस्थानों और सुरक्षा बलों द्वारा पौधारोपण अभियान चलाए गए.दिनभर विभिन्न स्थानों पर पौधे लगाकर लोगों को प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुरू की मेगा प्लांटेशन ड्राइव
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव की उपस्थिति में मेगा प्लांटेशन ड्राइव का शुभारंभ किया. इस अवसर पर 18 नमो ऑक्सीजन पार्क दिल्लीवासियों को समर्पित किए गए. मुख्यमंत्री ने लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़ने और अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की.उन्होंने कहा कि दिल्ली को स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है.वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सबसे प्रभावी कदमों में से एक है और इसमें जनभागीदारी बेहद आवश्यक है.
जाफरपुर कलां में सीआरपीएफ का पौधारोपण अभियान
विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर सीआरपीएफ की 200वीं बटालियन ने जाफरपुर कलां स्थित सर्वोदय विद्यालय में पौधारोपण अभियान चलाया. इस दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए.अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य स्थानीय हरित क्षेत्र को बढ़ाना, विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करना और सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना है’
अरावली बायोडायवर्सिटी पार्क में DDA की पहल
दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने अरावली बायोडायवर्सिटी पार्क में विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया.कार्यक्रम का नेतृत्व डीडीए के उपाध्यक्ष एन. सरवाना कुमार ने किया.इस दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों और पर्यावरण प्रेमियों ने मिलकर पौधे लगाए। कार्यक्रम में शहरी जैव विविधता के संरक्षण और दिल्ली में हरित क्षेत्र बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया.
महिपालपुर में CISF का हरित संदेश
महिपालपुर स्थित सीआईएसएफ एयरपोर्ट सेक्टर मुख्यालय में भी पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया.कार्यक्रम का नेतृत्व अतिरिक्त महानिदेशक बिनिता ठाकुर और महानिरीक्षक सेंथिल अवूदई कृष्णा राज ने किया.अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर निभाई जाने वाली जिम्मेदारी है.उन्होंने सभी नागरिकों से प्रकृति संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की.
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इन अभियानों ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं. इसके लिए जनभागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी भी उतनी ही आवश्यक है. आज लगाया गया हर पौधा केवल एक पेड़ नहीं, बल्कि स्वच्छ हवा, संतुलित पर्यावरण और सुरक्षित भविष्य की ओर बढ़ाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है. यदि ऐसे प्रयास लगातार जारी रहे, तो आने वाली पीढ़ियों को एक अधिक हरित, स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा.


