Tuesday, March 10, 2026
spot_img
Homeदिल्ली NCRआदर्श रामलीला कमेटी का भूमिपूजन : राहत के वादे, डीडीए की परेशानियों...

आदर्श रामलीला कमेटी का भूमिपूजन : राहत के वादे, डीडीए की परेशानियों पर उठे सवाल

नई दिल्ली। अशोक विहार की आदर्श रामलीला कमेटी का भूमिपूजन शुक्रवार शाम भव्य पंडाल में पूरे धार्मिक उल्लास और धूमधाम से सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत बीजेपी के कई बड़े नेता, स्थानीय विधायक और क्षेत्र की सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं से जुड़े प्रमुख लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने मंच से प्रदेश अध्यक्ष स्व. मांगेराम गर्ग को याद करते हुए कहा कि आदर्श रामलीला कमेटी वास्तव में एक आदर्श परिवार है, जिसने वर्षों से अनुशासन और परंपरा का पालन करते हुए समाज में विशेष स्थान बनाया है।

समारोह की एक बड़ी झलक यह रही कि आदर्श रामलीला कमेटी और अशोक विहार फेज़-1 रामलीला कमेटी ने आपसी सहयोग और मेलजोल की मिसाल पेश की। मंच से अशोक विहार रामलीला कमेटी के अध्यक्ष ललित गर्ग ने कहा—
“हमारा राम तुम्हारे रावण को मारे, हमारे रावण को तुम्हारा राम मारे — यानी हम एक-दूसरे की कमियां दूर करें और सहयोग बढ़ाएँ।” उन्होंने साथ ही यह भी दर्द साझा किया कि दिल्ली में केंद्र में सनातन की सरकार होने के बावजूद डीडीए रामलीला कमेटियों को परेशान कर रहा है। “इसका कोई ठोस समाधान निकालना चाहिए।

ललित गर्ग की इस पीड़ा का जवाब आदर्श रामलीला कमेटी के पदाधिकारी और दिल्ली बीजेपी के कोषाध्यक्ष सतीश गर्ग ने दिया। उन्होंने बताया कि रामलीला कमेटियों को लाइसेंस देने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया गया है, जिसके तहत 72 घंटे में लाइसेंस मिल जाएगा। साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि मुख्यमंत्री जी ने रामलीला कमेटियों की बैठक ली है और जल्द ही बड़ी घोषणाएं की जाएंगी।

इस अवसर पर आदर्श रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अशोक गर्ग ने कहा कि संघ के 100वें वर्ष के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम किए जा रहे हैं। मंच पर सरकार की उपलब्धियों और प्रमुख कार्यों को लेकर डिस्प्ले भी लगाया जाएगा।

समारोह का संचालन महामंत्री अनिल यादव ने किया। मंच से क्षेत्र की बड़ी-बड़ी हस्तियों और सहयोगियों को नाम लेकर सम्मानित किया गया। स्थानीय विधायक पूनम भारद्वाज, पार्षद योगेश वर्मा, मीनू गोयल, विधायक अशोक गोयल देवराह, बड़ी संख्या में बीजेपी नेता और विभिन्न सामाजिक-धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

इस बार खास बात यह भी रही कि संघ का शताब्दी वर्ष और दिल्ली में सनातन सरकार — दोनों की गूंज रामलीला के मंचों तक पहुंची। राहत और सुविधाओं के वादों के बीच सवाल यही बना रहा कि क्या वाकई रामलीला कमेटियों की परेशानियां दूर होंगी, या फिर हर बार की तरह इस बार भी सब कुछ ‘राम भरोसे’ ही रह जाएगा।

— राजेन्द्र स्वामी, दिल्ली दर्पण टीवी

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments