नई दिल्ली, 12 सितंबर 2025
उत्तर-पश्चिम ज़िला पुलिस ने थाना सुभाष प्लेस क्षेत्र में हुई डकैती का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान अमित उर्फ़ भान्जा (21 वर्ष), निवासी अंबेडकर नगर, हैदरपुर, शालीमार बाग, दिल्ली के रूप में हुई है। उसके पास से शिकायतकर्ता का बैग और घटना में प्रयुक्त देसी कट्टा बरामद हुआ है।
यह वारदात 8 सितंबर को दोपहर करीब 2:10 बजे हुई थी। शिकायतकर्ता जितेन्द्र कुमार सिंह जब एनएसपी मेट्रो स्टेशन (दिल्ली हाट गेट नंबर 2) से बाहर निकले और सबवे से गुजर रहे थे, तभी तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने चाकू व कट्टा दिखाकर उनका भूरा बैग छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर शिकायतकर्ता पर चाकू से कई वार किए गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। बैग में ₹2 लाख नकद, एक लैपटॉप, दस्तावेज और लेज़र मीटर था। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूत्रों की मदद से छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपराध कबूल किया और बताया कि वह पहली बार वारदात में शामिल हुआ है तथा आसान पैसे की लालच में अपराध का रास्ता चुना।
पुलिस अब उसके फरार साथियों और शेष लूटा गया सामान बरामद करने के प्रयास में जुटी हुई है।

