नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक कार के अंदर दो शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के मुताबिक मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि सड़क किनारे खड़ी एक कार के अंदर दो लोग बेहोश पड़े हैं। जब पुलिस मौके पर पहुंची और कार की जांच की गई तो उसमें दो शव बरामद हुए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार आईएनए थाने को सूचना मिली थी कि सड़क किनारे नाले के पास एक सफेद रंग की AURA कार काफी देर से खड़ी है और उसके अंदर से बदबू आ रही है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि कार के शीशे बंद थे और गाड़ी लॉक नहीं थी। जांच के दौरान कार के अंदर दो लोग बैठे हुए मिले, जिनकी मौत हो चुकी थी। कार के अंदर से शराब के तीन पाउच भी बरामद हुए, जिनमें से दो सीलबंद और एक खुला हुआ था।
कल दोपहर से खड़ी थी कार
स्थानीय लोगों से पूछताछ और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में पता चला कि यह कार पिछले दिन दोपहर करीब 2 बजे से वहीं खड़ी थी। उसके बाद किसी भी व्यक्ति को गाड़ी के पास आते-जाते नहीं देखा गया।
दोनों शवों की हुई पहचान
क्राइम टीम को मौके पर बुलाकर घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने मृतकों की पहचान कर ली है।
पहले मृतक की पहचान विकास (42) के रूप में हुई है, जो दिल्ली के खेड़ा खुर्द स्थित अंबेडकर कॉलोनी का रहने वाला था और पेशे से ड्राइवर था। वह कार की ड्राइविंग सीट पर बैठा मिला।
दूसरे मृतक की पहचान बिजेंद्र उर्फ भोला (36) के रूप में हुई है, जो उसी इलाके का रहने वाला था और पेशे से प्लंबर था। उसका शव कार की पिछली सीट पर मिला।
यूपी के रहने वाले हैं कार मालिक
पुलिस के मुताबिक कार के मालिक का नाम राकेश कुमार है, जो खेड़ा खुर्द की अंबेडकर कॉलोनी में किराए पर रहता है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले का रहने वाला बताया जा रहा है।
शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान
पुलिस की शुरुआती जांच में दोनों शवों के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि बंद कार के अंदर बैठे रहने से दम घुटने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत का सही कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/sharab-nat-mamal-dal-hai-kart-k-nuts-s-fur-garmai-policy-kannan-parkray-y-new-masbat/

