– दिल्ली दर्पण ब्यूरो
नई दिल्ली | 1 मई 2026 वैश्य समाज के आपसी विवादों को कोर्ट-कचहरी के बाहर सुलझाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए ‘अग्रसेन महापंचायत’ ने दिल्ली सरकार से हाथ मिलाया है। गुरुवार को महापंचायत के एक प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली के कानून मंत्री श्री कपिल मिश्रा से भेंट कर दिल्ली डिस्प्यूट रेजोल्यूशन सोसाइटी (DDRS) के अंतर्गत एक नया मध्यस्थता केंद्र (Mediation Centre) स्थापित करने की मांग रखी।
माता सुंदरी मार्ग पर बनेगा केंद्र
बैठक के दौरान यह प्रस्ताव दिया गया कि समाज की सुविधा को देखते हुए इस केंद्र का संचालन दिल्ली अग्रोहा विकास ट्रस्ट के कार्यालय (1, माता सुंदरी मार्ग) से किया जाए। इसका मुख्य उद्देश्य वैश्य समाज के वैवाहिक, पारिवारिक और व्यापारिक विवादों का आपसी सहमति और सम्मानजनक तरीके से समाधान निकालना है।

विशेषज्ञों की टीम करेगी मदद
ज्ञात हो कि अग्रसेन महापंचायत में समाज के वरिष्ठ अधिवक्ता, बुद्धिजीवी और प्रतिष्ठित सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हैं। इस पहल के माध्यम से छोटे-बड़े विवादों का त्वरित और कम खर्च में निस्तारण संभव हो सकेगा, जिससे लोगों को अदालतों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
मंत्री ने सराहा कदम
कानून मंत्री श्री कपिल मिश्रा ने महापंचायत के इस विजन की सराहना करते हुए पूर्ण आश्वासन दिया कि ट्रस्ट कार्यालय में मध्यस्थता केंद्र शुरू करने के लिए सरकार जल्द ही आवश्यक कदम उठाएगी। उन्होंने इसे सामाजिक न्याय की दिशा में एक अनुकरणीय उदाहरण बताया।
बैठक में उपस्थित गणमान्य
इस महत्वपूर्ण बैठक में ट्रस्ट चेयरमैन श्री नंदकिशोर अग्रवाल, अध्यक्ष श्री बी.पी. गर्ग, महामंत्री डॉ. जयकिशन गर्ग, महापंचायत अध्यक्ष श्री जी.डी. गोयल, समाजसेवी श्री अर्जुन कुमार, पूर्व महापौर श्रीमती मीरा अग्रवाल, एडवोकेट रेणु गुप्ता, श्रीमती मीनाक्षी गर्ग और श्री विजय गुप्ता सहित कमेटी के प्रमुख सदस्य मौजूद रहे।
यह कदम न केवल वैश्य समाज में एकता बढ़ाएगा, बल्कि कानूनी व्यवस्था पर बढ़ते बोझ को कम करने में भी सहायक सिद्ध होगा।
यह भी पढ़ें:– https://delhidarpantv.com/chief-accused-arrested-for-murder-after-encounter-with-tear-jerker-police-officer/

