– दिल्ली दर्पण ब्यूरो
नई दिल्ली: उत्तर-पश्चिम जिले की अशोक विहार पुलिस ने एक साहसिक मुठभेड़ के बाद हत्या के सनसनीखेज मामले में वांछित अपराधी सूरज उर्फ काके उर्फ काना (26) को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली हेड कांस्टेबल पवन यादव की बुलेटप्रूफ जैकेट पर जा लगी। गनीमत रही कि जैकेट की वजह से उनकी जान बच गई।
हत्या का उकसावा और साजिश
यह मामला 29 अप्रैल 2026 की सुबह का है, जब अशोक विहार के वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया (WPIA) में मदर डेयरी बूथ के पास आपसी रंजिश के चलते दीपक नामक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी सूरज उर्फ काना ने ही एक नाबालिग (CCL) को चाकू थमाया था और उसे यह कहकर उकसाया था कि ‘तू नाबालिग है, तुझे कम सजा होगी, इसे मार दे।’ सूरज की शह पर नाबालिग ने दीपक के पेट में चाकू घोंप दिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मुठभेड़ का घटनाक्रम
डीसीपी (उत्तर-पश्चिम) आकांक्षा यादव ने बताया कि 30 अप्रैल की तड़के पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी प्रेमबाड़ी पुल के पास आने वाला है। एसआई रोहित चाहर के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी की। जब पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, तो आरोपी ने स्कूटी छोड़कर भागते हुए पुलिस पर गोलियां चला दीं। आत्मरक्षा और आरोपी को काबू करने के लिए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। उसे तुरंत दीपचंद बंधु अस्पताल ले जाया गया।
बरामदगी और आपराधिक इतिहास
पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल चोरी की स्कूटी बरामद की है। यह स्कूटी राजौरी गार्डन इलाके से चोरी की गई थी। आरोपी सूरज पहले भी हत्या के प्रयास के एक मामले में शामिल रहा है। पुलिस ने इस मामले में अन्य सह-आरोपियों करण, सूरज उर्फ दाढ़ी, आशीष उर्फ सिंघम और चाकू मारने वाले नाबालिग को भी हिरासत में ले लिया है।
शातिर कार्यप्रणाली
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि सूरज बेहद शातिर अपराधी है। वह अक्सर नाबालिगों को पैसों का लालच देकर अपराध की दुनिया में धकेलता था और कानून से बचने के लिए खुद पीछे रहकर उनसे वार करवाता था।
संदर्भ: अशोक विहार थाना एफआईआर संख्या 151/26 एवं 153/26।
यह भी पढ़ें:– https://delhidarpantv.com/wazirpur-industrial-area-murder-case-delhi-crime-news/

