नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के करोल बाग इलाके में मंगलवार-बुधवार (24-25 मार्च) की दरमियानी रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। झंडेवालान मंदिर के पास राजस्थान से आ रही एक तेज रफ्तार डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार लगभग 25 यात्री घायल हुए हैं, जिनका इलाज नजदीकी अस्पताल में चल रहा है।
देर रात 1:10 बजे चीख-पुकार से गूंजा इलाका
दमकल विभाग के अनुसार, उन्हें हादसे की सूचना रात करीब 1 बजकर 10 मिनट पर मिली। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस की रफ्तार काफी तेज थी और गोल चक्कर के पास अचानक संतुलन बिगड़ने से बस सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस की खिड़कियां चकनाचूर हो गईं और यात्रियों का सामान व खून से सने कपड़े सड़क पर बिखर गए।
JCB और रस्सियों के सहारे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे के वक्त मौके पर मौजूद ऑटो चालकों ने जांबाजी दिखाते हुए पुलिस के आने से पहले ही बचाव कार्य शुरू कर दिया था। ऑटो चालक दीपक ने बताया, “हादसे के बाद एक बच्चा और एक महिला बस के नीचे फंसे हुए थे। वहां खड़ी एक जेसीबी की मदद ली गई और रस्सियां डालकर लोगों को बाहर निकाला गया।” यात्रियों ने खुद को बचाने के लिए टूटी हुई खिड़कियों से कूदने की कोशिश की, जिससे कई लोग गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए।
तेज रफ्तार या ड्राइवर की नींद?
शुरुआती जांच और चश्मदीदों के दावों के अनुसार, बस 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ रही थी। खाली सड़क होने के बावजूद बस का पलटना इस ओर इशारा कर रहा है कि या तो ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई थी या फिर तेज रफ्तार के कारण मोड़ पर संतुलन बिगड़ गया। दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के सटीक कारणों की जांच कर रही है।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में घायल हुए सभी यात्रियों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मृतकों की शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है और उनके परिजनों को सूचित किया जा रहा है। दमकल विभाग और पुलिस की टीमें देर रात तक क्रेन की मदद से बस को सड़क से हटाने के काम में जुटी रहीं।

