राजधानी नई दिल्ली। पिछले दो दिनों से मौसम का मिजाज उत्तर भारत के कई राज्यों में बदला हुआ है। बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में काफी गिरावट देखने को मिल रही है! जिससे लोगों को भी भीषण गर्मी और लू से राहत मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान समेत कई राज्यों में अगले दो दिनों तक आंधी और बारिश की सम्भावना है।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में फ़िलहाल तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आया है। मौसम विभाग ने 30 मई को हल्की बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई है। इसके अलावा दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए भी तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
यूपी में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी
उत्तर प्रदेश में 30 और 31 मई को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग ने कई जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में भी बारिश के आसार देखे जा रहे हैं।
उत्तराखंड और हिमाचल में भी बदलेगा मौसम
उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में हल्की व मध्यम बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं साथ ही हिमाचल प्रदेश में भी 30 मई को बारिश होने का अनुमान जताया जा रहा है।
राजस्थान में तेज आंधी का अलर्ट और सुरक्षित रहने की सलाह
राजस्थान जैसे कई इलाकों में भी तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 1 और 2 जून को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 31 मई और 1 जून को भारी बारिश की संभावना है। वहीं महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में भी 2 जून को बारिश के आसार जताए जा रहे हैं।
गर्मी से राहत, लेकिन सतर्क रहने की जरूरत
लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण उत्तर भारत में तापमान में गिरावट आई है और लू का असर कम होता दिख रहा है। हालांकि मौसम विभाग ने लोगों को आंधी, बिजली और तेज हवाओं के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

