नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में बेखौफ बदमाशों के हौसले पस्त होने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के अशोक विहार इलाके का है, जहाँ वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित ‘मच्छी मार्केट’ में एक 27 वर्षीय युवक की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, यह खौफनाक वारदात महज एक मामूली कहासुनी के बाद अंजाम दी गई।
शौचालय के अंदर मिला खून से लथपथ शव
घटना 8 अप्रैल 2026 की शाम की है। दिल्ली पुलिस को शाम करीब 6:23 बजे सूचना मिली कि वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया के बी-ब्लॉक स्थित फिश मार्केट के पास एक सुलभ शौचालय परिसर में एक युवक लहूलुहान हालत में पड़ा है। पुलिस टीम जब मौके पर पहुँची, तो युवक की मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान संतोष कुमार (27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नेपाल का निवासी था और पास की ही एक फैक्ट्री में काम करता था।
हाथापाई के बाद चाकू से ताबड़तोड़ वार
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संतोष की एक मोटरसाइकिल सवार युवक से किसी बात पर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर संतोष पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी अपनी मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। घायल संतोष जान बचाने के लिए सुलभ शौचालय की ओर भागा, लेकिन गंभीर चोटों के कारण वहीं गिर पड़ा और दम तोड़ दिया।
पुलिस की कार्रवाई: एक बालिग और एक नाबालिग पकड़ा गया
अशोक विहार थाना पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए FIR संख्या 113/26 (धारा 103(1)/3(5) BNS) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने छापेमारी कर मुख्य आरोपी तानिश (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है, जो वजीरपुर का ही रहने वाला है। इसके साथ ही वारदात में शामिल एक अन्य नाबालिग आरोपी को भी पुलिस ने अपनी गिरफ्त में ले लिया है।

