नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के पालम इलाके से एक बेहद ही शर्मनाक घटना सामने आई। फुटपाथ पर सो रही एक बुजुर्ग महिला के साथ कथित तौर पर अश्लील हरकत किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी वायरल होने के बाद दिल्ली पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला कचरा बीनने का काम करती है और घटना के समय सड़क किनारे फुटपाथ पर ही सो रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचा और महिला को अकेला पाकर महिला के साथ कथित तौर पर अशोभनीय हरकत की। आरोप है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गया।
लेकिन घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोगों में नाराजगी साफ़ देखी जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान (Suo Motu) लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस CCTV फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास में लगी हुई है। इसके अलावा आसपास के इलाकों में भी पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच तेजी से कर रही है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।
नोट:- यह खबर सोशल मीडिया पर वायरल CCTV फुटेज और उपलब्ध प्रारंभिक जानकारी के आधार पर तैयार की गई है। लेकिन मामले की जांच अभी भी जारी है और पुलिस की आधिकारिक रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों में बदलाव संभव है।

