3 मिनट में 3 किलो आम का पल्प खाने की चुनौती, दिल्ली हाट के मैंगो फेस्टिवल में दिखा अनोखा उत्साह

दिल्ली हाट जनकपुरी में आयोजित मैंगो फेस्टिवल में आम खाने की प्रतियोगिता और आमों की प्रदर्शनी।

राजधानी नई दिल्ली: जनकपुरी में  स्थित दिल्ली हाट में आयोजित 35वें मैंगो फेस्टिवल में शनिवार को आम खाने की अनोखी प्रतियोगिता लोगों के आकर्षण का सबसे बड़ा केंद्र बन रही है । पुरुष वर्ग के प्रतिभागियों को मात्र तीन मिनट में तीन किलोग्राम आम का पल्प खाने की चुनौती दी गई, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और प्रतियोगियों का उत्साह बढ़ाया।

महोत्सव में देश के अलग-अलग राज्यों से लाई गई आम की दर्जनों किस्में प्रदर्शित की गई हैं। लीची और पपीते जैसे आकार वाले आमों समेत कई दुर्लभ प्रजातियों ने आगंतुकों का ध्यान अपनी ओर खींचा।

फेस्टिवल में बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए झूले, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और कई मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया है। वहीं, फूड स्टॉल पर विभिन्न व्यंजनों के साथ आम से बने उत्पाद, हस्तशिल्प और हस्तकरघा वस्तुओं की भी खूब खरीदारी हो रही है।

इसके अलावा आम पर आधारित स्लोगन प्रतियोगिता और क्विज़ भी लोगों को आकर्षित कर रही हैं। इस बार महोत्सव में एआई आधारित वर्चुअल एजेंट ‘राधिका’ भी विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है, जो आगंतुकों से आवाज के जरिए बातचीत कर उन्हें महोत्सव से जुड़ी जानकारी उपलब्ध करा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *