नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले में रविवार सुबह उस वक्त हडकंप मच गया! गई! जब न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र के शास्त्री पार्क स्थित DDA पार्क से एक 19 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
शनिवार रात घर से निकला, सुबह पार्क में मिला शव
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मोहम्मद तोहिद (19) के रूप में हुई है, जो न्यू सीलमपुर के के-ब्लॉक का रहने वाला था। परिजनों के मुताबिक, तोहिद शनिवार रात करीब 10 बजे घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। रविवार सुबह उसका शव, खून से लटपट पार्क में पड़ा मिला।
हत्या की आशंका, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही।
आरोपियों तक पहुंचने के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पहले भी विवादों में रहा है DDA पार्क
स्थानीय लोगों का कहना है कि शास्त्री पार्क स्थित यह DDA पार्क पहले भी कई आपराधिक घटनाओं का गवाह बन चुका है। यहां पहले भी हत्या और लावारिस शव मिलने जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे इलाके के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और CCTV फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हत्या की गुत्थी सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।
एक अन्य कार्रवाई: दिल्ली पुलिस ने ‘ठक-ठक’ गैंग के दो बदमाश दबोचे
इसी बीच दिल्ली पुलिस को एक अन्य मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कुख्यात ‘ठक-ठक’ गैंग के दो सक्रिय बदमाशों गंगेश नायडू और विक्रम को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी दक्षिणपुरी, अंबेडकर नगर के रहने वाले हैं।
आरोपियों के कब्जे से 6 लाख रुपये नकद, लैपटॉप, मैकबुक, मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण, सैमसंग ईयरबड्स, घड़ी, सेंधमारी के औजार और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी लोगों का ध्यान भटकाकर कारों से नकदी और कीमती सामान चोरी करने वाले अंतरराज्यीय ‘ठक-ठक’ गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। पूछताछ में इनके तार दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और कर्नाटक में हुई कई वारदातों से जुड़े मिले हैं। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
