पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सीट को लेकर बवाल, किन्नरों और परिवार के बीच मारपीट का वीडियो वायरल

पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सीट विवाद के दौरान यात्रियों के बीच हंगामा, मौके पर स्थिति संभालते RPF जवान।

दिल्ली दर्पण ब्यूरो रिपोर्ट  नई दिल्ली: राजधानी पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की एक सीट को लेकर हुए विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर बहोत तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में किन्नरों के एक समूह और एक परिवार के बीच तीखी बहस, धक्का-मुक्की और हंगामा होते देखा जा सकता है। घटना ने स्टेशन पर मौजूद यात्रियों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, यह घटना प्लेटफॉर्म नंबर-16 पर हुई, जहां एक मेल ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक  सीट को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बहस बढ़ गई और दोनों पक्षों के बीच जमकर कहासुनी होने लगी। वायरल वीडियो में कुछ लोग प्लेटफॉर्म पर हंगामा करते दिखाई दे रहे हैं।

मारपीट और बदसलूकी के आरोप

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान गाली-गलौज और धक्का-मुक्की भी हुई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ लोग पुलिसकर्मियों से बहस करते और आक्रामक व्यवहार करते नजर आ रहे हैं। हालांकि वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

RPF जवानों ने संभाला मोर्चा

मौके पर मौजूद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया। अधिकारियों के मुताबिक, भीड़ को हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया गया और ट्रेन परिचालन को प्रभावित नहीं होने दिया गया।

कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, घटना के बाद किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। न ही इस मामले में पीसीआर कॉल प्राप्त होने की जानकारी सामने आई है। इसके बावजूद वायरल वीडियो की जांच की जा रही है।

पहले भी सीट विवाद में हो चुकी है हिंसा

रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सीट को लेकर बड़े विवाद के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं। हाल ही में दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर भी सीट को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था, जिसमें एक यात्री की मौत हो गई थी।

यात्रियों से संयम बरतने की अपील

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें और तुरंत रेलवे पुलिस या RPF को सूचना दें, ताकि समय रहते स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *