दिल्ली में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के चालान 98% बढ़े

दिल्ली में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की जांच करती दिल्ली ट्रैफिक पुलिस।

LG सरदार तरनजीत सिंह संधू की समीक्षा बैठक के बाद दिल्ली पुलिस ने रॉन्ग साइड ड्राइविंग और अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। छह महीने में 2,033 एफआईआर भी दर्ज की गई हैं।

नई दिल्ली:

दिल्ली में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। उपराज्यपाल (LG) सरदार तरनजीत सिंह संधू की समीक्षा बैठक के बाद दिल्ली पुलिस ने रॉन्ग साइड ड्राइविंग और अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, 25 जून 2026 तक रॉन्ग साइड ड्राइविंग के चालानों में 98 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जून 2025 तक जहां 1,72,879 चालान किए गए थे, वहीं इस साल 25 जून तक यह संख्या बढ़कर 3,42,381 हो गई। वहीं, अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई में 36.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और चालानों की संख्या 10,62,350 तक पहुंच गई।

पुलिस ने बताया कि 1 जनवरी से 25 जून 2026 के बीच रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 2,033 मामलों में एफआईआर भी दर्ज की गई हैं। समीक्षा बैठक में एलजी ने बिना हेलमेट वाहन चलाने और ट्रिपल राइडिंग के खिलाफ भी अभियान जारी रखने के निर्देश दिए।

जोनवार आंकड़ों के मुताबिक, ईस्टर्न रेंज में सबसे ज्यादा कार्रवाई हुई। यहां रॉन्ग साइड ड्राइविंग के चालानों में 189 प्रतिशत और अवैध पार्किंग के मामलों में 103 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

इसके अलावा, जनवरी से जून 2026 के बीच दिल्ली पुलिस ने स्थानीय निकायों, आरडब्ल्यूए और मार्केट ट्रेड एसोसिएशनों के साथ मिलकर 4,900 विशेष अभियान चलाए। इन अभियानों के दौरान करीब 3.9 लाख गलत पार्किंग के चालान जारी किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *