दहेज की मांग और संतान न होने की प्रताड़ना बनी मौत की वजह? दिल्ली में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति-ससुर गिरफ्तार

रघुबीर नगर में विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद जांच करती पुलिस।

राजधानी दिल्ली के ख्याला इलाके में एक 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। रघुबीर नगर स्थित किराये के मकान में महिला का शव मिलने के बाद परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।

24 जून को मिली पीसीआर कॉल के बाद पुलिस जब मौके पर पहुंची तो महिला अपने कमरे में मृत मिली। उसके गले पर फंदे का निशान था और खिड़की की ग्रिल पर चुन्नी बंधी हुई थी। क्राइम टीम और एफएसएल ने मौके से साक्ष्य जुटाए।

जांच में पता चला कि मृतका काजल की शादी तीन साल पहले रोहन से हुई थी। संतान न होने को लेकर उसे लगातार ताने दिए जाते थे और दहेज के लिए भी कथित तौर पर दबाव बनाया जाता था। यह आरोप मृतका के माता-पिता ने एसडीएम के समक्ष दर्ज अपने बयान में लगाए हैं।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर पति रोहन और ससुर राजेश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *