Delhi News: नेशनल हेराल्ड मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने दिल्ली में जोरदार विरोध मार्च निकाला। कोर्ट द्वारा सोनिया गांधी, राहुल गांधी समेत अन्य के खिलाफ ईडी की चार्जशीट पर सुनवाई से इनकार किए जाने के बाद राजधानी की सियासत गरमा गई है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे “सत्य की जीत” बताते हुए केंद्र सरकार पर राजनीतिक बदले की कार्रवाई का आरोप लगाया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीजेपी मुख्यालय की ओर मार्च करते हुए मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और जमकर प्रदर्शन किया।

‘सत्यमेव जयते’ का नारा, सरकार पर तीखा हमला
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि सच्चाई की हमेशा जीत होती है। कोर्ट के फैसले ने यह साफ कर दिया है कि मोदी सरकार की दुर्भावनापूर्ण और गैरकानूनी राजनीति अब बेनकाब हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ‘सत्यमेव जयते’ के सिद्धांत में विश्वास करती है और यह फैसला उसी की पुष्टि करता है।
बीजेपी मुख्यालय की ओर मार्च, पुलिस की सख्ती
कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर “मोदी झूठ की आंधी, सत्य सदा है गांधी” और “जब-जब मोदी डरता है, पुलिस को आगे करता है” जैसे नारे लगाते हुए बीजेपी मुख्यालय की ओर बढ़े। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने सख्ती दिखाई और देवेंद्र यादव समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर आईपी स्टेट पुलिस स्टेशन ले जाया गया। बाद में सभी को छोड़ दिया गया।
वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी
इस विरोध प्रदर्शन में दिल्ली कांग्रेस प्रभारी काजी निजामुद्दीन, अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अल्का लांबा, एससी विभाग के राष्ट्रीय चेयरमैन राजेंद्र पाल गौतम, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौ. अनिल कुमार, पूर्व सांसद रमेश कुमार, पूर्व मंत्री हारुन यूसूफ, डॉ. नरेंद्र नाथ, प्रो. किरण वालिया, डॉ. योगानंद शास्त्री सहित कई वरिष्ठ नेता, जिला अध्यक्ष, पूर्व विधायक और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
चार्जशीट पर सुनवाई से इनकार को बताया करारा जवाब
देवेंद्र यादव ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी द्वारा दायर चार्जशीट इतनी कमजोर थी कि कोर्ट ने उस पर सुनवाई करने से ही इनकार कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी शुरू से ही विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास करती रही है, लेकिन कोर्ट के फैसले ने सरकार की मंशा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार जिस राजनीतिक प्रतिशोध की बात कर रही थी, अदालत के आदेश ने उसी पर मुहर लगा दी है। देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की आवाज को दबाने के लिए हर तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता पीछे हटने वाले नहीं हैं।
जांच प्रक्रिया पर सवाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि यह चार्जशीट किसी वैध मनी लॉन्ड्रिंग आधार पर नहीं, बल्कि एक निजी शिकायत पर आधारित थी। ऐसे मामलों में सुनवाई संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि 2014 से चले आ रहे इस मामले में न तो सीबीआई और न ही ईडी अब तक किसी को दोषी साबित कर पाई है।
देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि सीबीआई और ईडी ने लंबे समय तक एफआईआर और ईसीआईआर दर्ज नहीं की और बाद में बिना ठोस आधार के जांच शुरू की गई, जिससे पूरी प्रक्रिया संदेह के घेरे में आ गई। उन्होंने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामला पूरी तरह राजनीतिक बदले की भावना से गढ़ा गया है।
यह भी पढ़ें- https://delhidarpantv.com/dalal-sarkar-ka-stricken-crop-ban-puc-patral-not-paran-gady-par-rak/

