नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में आज से हर सोमवार को ‘मेट्रो डे’ के रूप में मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने बढ़ती ईंधन खपत को कम करने और लोगों को सार्वजनिक परिवहन के प्रति जागरूक करने के लिए यह बड़ा कदम उठाया है।
सरकार के फैसले के मुताबिक अब हर सोमवार मंत्री, अधिकारी और सरकारी कर्मचारी निजी गाड़ियों की बजाय मेट्रो और अन्य पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करेंगे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता खुद भी आज मेट्रो से सफर कर इस अभियान की शुरुआत करेंगी। वह “मेरा भारत, मेरा योगदान” और “मेट्रो सोमवार” अभियान के तहत आईटीओ मेट्रो स्टेशन पहुंचेंगी।
बताया जा रहा है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और संभावित एनर्जी क्राइसिस के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील के बाद दिल्ली सरकार ने यह फैसला लिया है।
सरकार ने सभी विभागों को पेट्रोल और डीजल की खपत में 20 प्रतिशत तक कटौती करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही वर्क फ्रॉम होम और ऑफिस टाइमिंग में बदलाव को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है, ताकि ट्रैफिक और ईंधन की खपत कम की जा सके।
वहीं DMRC ने भी घोषणा की है कि हर सोमवार जरूरत के अनुसार अतिरिक्त मेट्रो सेवाएं चलाई जाएंगी, जिससे लोगों को यात्रा में परेशानी न हो और ज्यादा से ज्यादा लोग मेट्रो का इस्तेमाल करें।
दूसरी ओर दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने भी नया मेमोरेंडम जारी करते हुए गैर-जरूरी सरकारी वाहनों की आवाजाही कम करने और ईंधन बचत पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए हैं।
सरकार का मानना है कि अगर ज्यादा लोग पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाते हैं तो इससे ना सिर्फ ईंधन की बचत होगी, बल्कि ट्रैफिक और प्रदूषण को कम करने में भी मदद मिलेगी।

