Wednesday, June 10, 2026
spot_img
Homesocial media"दिल्ली में जीटी करनाल हाईवे पर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार डंपर ने...

“दिल्ली में जीटी करनाल हाईवे पर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार डंपर ने ऑटो को रौंदा, बच्ची समेत 3 की मौत”

दिल्ली दर्पण ब्यूरो रिपोर्ट | 13 मई 2026

राजधानी दिल्ली के जीटी करनाल हाईवे पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। अलीपुर स्थित शनि मंदिर के पास तेज रफ्तार डंपर ने एक ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए।

इस दर्दनाक हादसे में 10 साल की मासूम बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों में पिता और पुत्र की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि ऑटो में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल थे। हादसे में परिवार की मासूम बेटी की जान चली गई, जबकि पिता और बेटा जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक व्यक्ति ऑटो के अंदर बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, कैट्स एंबुलेंस, ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद ऑटो में फंसे व्यक्ति को बाहर निकाला।

सभी घायलों को तुरंत राजा हरिश्चंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं हादसे में जान गंवाने वाले तीसरे व्यक्ति की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

इस भीषण हादसे के कारण जीटी करनाल हाईवे पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया और यातायात भी प्रभावित रहा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और डंपर चालक की तलाश की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments