Monday, May 11, 2026
spot_img
Homeब्रेकिंग न्यूज़द्वारका में 'डबल एनकाउंटर': 15 मिनट में मर्डर और चाकूबाजी करने वाले...

द्वारका में ‘डबल एनकाउंटर’: 15 मिनट में मर्डर और चाकूबाजी करने वाले दो खूंखार अपराधी ढेर; पुलिस की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी गोली

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली का द्वारका जिला बीती रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। डाबरी इलाके में महज 15 मिनट के भीतर एक हत्या और तीन लोगों पर जानलेवा हमला करने वाले दो कुख्यात बदमाशों को दिल्ली पुलिस ने अलग-अलग मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। अपराधियों ने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग की, जिसमें एक गोली हेड कांस्टेबल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी।

15 मिनट का खूनी तांडव: एक की मौत, तीन घायल

29-30 मार्च की रात डाबरी इलाके में दो सनसनीखेज वारदातें हुईं। पहली घटना मधु विहार स्थित दुर्गा माता मंदिर के पास हुई, जहाँ गोविंद झा नामक व्यक्ति पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान गोविंद की मौत हो गई। इसके महज 15 मिनट बाद ही बदमाशों ने हनी और अनीश समेत तीन अन्य लोगों को चाकू गोदकर लहूलुहान कर दिया। इन तीनों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।

पहला एनकाउंटर: स्पेशल स्टाफ ने ‘नोदा’ को दबोचा

डीसीपी कुशल पाल सिंह के मुताबिक, वारदातों के बाद पूरी रात चले सर्च ऑपरेशन में जिले की स्पेशाल स्टाफ टीम ने रोहित उर्फ ‘नोदा’ को घेरा। सरेंडर करने के बजाय आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने रोहित के पैर में गोली मारकर उसे काबू किया। रोहित हाल ही में जेल से बाहर आया था और इलाके में दहशत फैलाने की फिराक में था।

दूसरा एनकाउंटर: AATS टीम और ‘हिमांशु’ के बीच भिड़ंत

दूसरी ओर, AATS टीम ने ओल्ड नजफगढ़ ड्रेन रोड पर दूसरे आरोपी प्रेम उर्फ ‘हिमांशु’ को घेरा। यहाँ भी अपराधी ने पुलिस पर गोलियां बरसाईं। मुठभेड़ के दौरान एक गोली हेड कांस्टेबल जगत सिंह को छूकर निकल गई, जबकि दूसरी गोली एक अन्य पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। पुलिस ने साहस का परिचय देते हुए हिमांशु के पैर में गोली मारी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।

अपराधिक इतिहास और बरामदगी

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि रोहित और प्रेम दोनों ही अपहरण, फिरौती और हत्या जैसे गंभीर मामलों में पहले भी शामिल रहे हैं। पुलिस ने इनके पास से अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं। द्वारका पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है कि कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों का अंजाम बुरा होगा।

यह भी पढ़ें:–  https://delhidarpantv.com/delhi-cr-park-chain-snatching-attempt-woman-attacked-with-knife/

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments