Thursday, May 7, 2026
spot_img
Home Blog Page 77

Shalimar Bagh Murder Case: दिल्ली पुलिस ने मुख्य आरोपी भारत यादव को दबोचा

नई दिल्ली:
दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में महिला रचना यादव की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपी भारत यादव समेत तीन अपराधियों को पुलिस ने बिहार के कटिहार से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मुख्य साजिशकर्ता भारत यादव के अलावा उसके साथी सुमित और निखिल शामिल हैं। तीनों आरोपी वारदात के बाद से फरार चल रहे थे और लगातार ठिकाने बदल रहे थे।

पति की हत्या मामले में थीं मुख्य गवाह

रचना यादव अपने पति की हत्या के मामले में मुख्य गवाह थीं। उनके पति की वर्ष 2023 में संपत्ति विवाद के चलते हत्या कर दी गई थी। इस केस को रचना यादव सुप्रीम कोर्ट तक लेकर गई थीं और न्याय की लड़ाई लड़ रही थीं।

रचना की हत्या के बाद उनकी बेटी ने बयान दिया था कि उनके पिता की हत्या के मामले में छह आरोपी थे, जिनमें से एक सरगना अब तक फरार था। उन्होंने कहा था कि केस गवाही के अहम मोड़ पर था और उनकी मां मुख्य गवाह थीं, इसी वजह से बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया।

गवाही से पीछे न हटने पर रची गई हत्या की साजिश

पुलिस सूत्रों के अनुसार, फरार चल रहे मुख्य आरोपी भारत यादव ने रचना यादव को गवाही से पीछे हटाने के लिए धमकाया था। जब वह नहीं मानीं, तो उनकी हत्या की साजिश रच दी गई। 10 जनवरी को बदमाशों ने रचना यादव के सिर में गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी थी।

मुख्य आरोपी भारत यादव पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।

300 सीसीटीवी खंगाले, तकनीकी सर्विलांस से मिली सफलता

पुलिस ने इस केस की जांच में करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक रोहिणी से बरामद की गई। इसके अलावा तकनीकी सर्विलांस और मोबाइल डेटा के जरिए आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की गई।

लगातार पीछा करने के बाद दिल्ली पुलिस की टीम ने बिहार के कटिहार में दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और हत्या की साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/dalal-peas-on-the-mess-on-the-platform-pushing-in-the-waist-in-the-height/

दिल्ली मेट्रो पर खुलेआम गंदगी, प्लेटफॉर्म पर पेशाब करता कैमरे में कैद

Delhi Metro Viral Video: दिल्ली मेट्रो स्टेशन से जुड़ा एक विचलित करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक व्यक्ति मेट्रो प्लेटफॉर्म के पास खुलेआम पेशाब करता नजर आ रहा है। यह घटना किसी सड़क किनारे या सुनसान जगह पर नहीं, बल्कि भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थान पर हुई, जिसने नागरिक जिम्मेदारी और स्वच्छता के प्रति लापरवाही को उजागर कर दिया है।

बताया जा रहा है कि पास में खड़े एक व्यक्ति ने इस शर्मनाक हरकत का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद लोग यह सवाल उठाने लगे हैं कि हम एक समाज के तौर पर किस दिशा में बढ़ रहे हैं। हैरानी की बात यह रही कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति किसी तरह की शर्मिंदगी महसूस करता नजर नहीं आया, बल्कि उसके लिए यह एक सामान्य बात लग रही थी।

DMRC की यात्रियों से अपील

वीडियो सामने आने के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने प्रतिक्रिया देते हुए यात्रियों से साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की है। डीएमआरसी ने कहा कि सभी यात्रियों से अनुरोध है कि वे मेट्रो परिसर को स्वच्छ रखने में सहयोग करें।

डीएमआरसी के मुताबिक,
“यदि कोई यात्री किसी सह-यात्री को इस तरह की गतिविधि करते हुए देखता है, तो तुरंत इसकी सूचना मेट्रो अधिकारियों को दें, ताकि उचित कार्रवाई की जा सके।”

सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा

इस वीडियो को देखकर आम जनता में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस हरकत को “शर्मनाक” और “बेहद परेशान करने वाला” बताया है। लोगों का कहना है कि इस तरह का व्यवहार सार्वजनिक जगहों पर बुनियादी नागरिक जिम्मेदारी की कमी को दर्शाता है।

एक यूजर ने लिखा,
“ऐसा व्यवहार सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर पानी फेर देता है।”

वहीं, एक अन्य व्यक्ति ने प्रशासन से मांग की कि ऐसी घटनाओं पर भारी जुर्माना लगाया जाए, ताकि भविष्य में कोई इस तरह की हरकत करने से पहले सौ बार सोचे।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/court-decision-keep-kaldeep-sagars-shock-hard-in-those-new-cases-strictly/

Court Decision: उन्नाव मामले में कुलदीप सेंगर को झटका, कोर्ट का सख्त रुख

उन्नाव कांड: कुलदीप सेंगर को बड़ा झटका, दिल्ली हाई कोर्ट ने सजा माफी याचिका की खारिज उन्नाव रेप पीड़िता के पिता की हिरासत में मौत मामले में दिल्ली हाई कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। इस केस में सजा काट रहे उन्नाव के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। हाई कोर्ट ने सेंगर की सजा माफी से जुड़ी याचिका को खारिज कर दिया है।

दरअसल, कुलदीप सेंगर ने अपनी सजा पर रोक लगाने और राहत देने की मांग को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। इस पर सुनवाई करते हुए जस्टिस रविंदर डुडेजा की पीठ ने याचिका को नामंजूर कर दिया। गौरतलब है कि हिरासत में मौत के इस मामले में कुलदीप सेंगर को 10 साल की सजा सुनाई गई है।

अधीनस्थ अदालत पहले ही कर चुकी है सख्त टिप्पणी

इस मामले में अधीनस्थ अदालत ने 13 मार्च 2020 को फैसला सुनाते हुए कुलदीप सेंगर को 10 साल के कठोर कारावास की सजा के साथ 10 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया था। कोर्ट ने अपने फैसले में साफ कहा था कि पीड़ित परिवार के ‘एकमात्र कमाने वाले सदस्य’ की हत्या के मामले में किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जा सकती।

सेंगर के साथ अन्य आरोपियों को भी सजा

अदालत ने इस मामले में कुलदीप सेंगर के भाई अतुल सिंह सेंगर समेत पांच अन्य आरोपियों को भी 10-10 साल की सजा सुनाई थी। जांच में सामने आया था कि सेंगर के इशारे पर पीड़िता के पिता को शस्त्र अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया था। पुलिस हिरासत के दौरान हुई कथित बर्बरता के चलते 9 अप्रैल 2018 को उनकी मौत हो गई थी।

साल 2017 के उन्नाव रेप केस से जुड़ा मामला

गौरतलब है कि साल 2017 में नाबालिग के अपहरण और रेप मामले में भी कुलदीप सेंगर को दोषी ठहराया गया था। हालांकि अदालत ने यह मानते हुए कि पीड़िता के पिता की मौत जानबूझकर नहीं की गई थी, सेंगर को हत्या का दोषी नहीं माना, लेकिन भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 304 के तहत गैर-इरादतन हत्या का दोषी ठहराते हुए अधिकतम सजा सुनाई गई।

यह भी पढ़ें:-  https://delhidarpantv.com/big-successful-larus-bashnai-gag-k-sharpshutter-dabch-gay/

Earthquake Breaking: दिल्ली-NCR में सुबह आई भूकंप की लहर, घरों से बाहर निकले लोग

दिल्ली-एनसीआर में सुबह भूकंप से हिली धरती, रिक्टर स्केल पर 2.8 रही तीव्रता

दिल्ली-एनसीआर में सोमवार (19 जनवरी) की सुबह अचानक धरती हिलने से लोग दहशत में आ गए। सुबह करीब 8 बजकर 44 मिनट पर भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। कई इलाकों में लोग अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। हालांकि राहत की बात यह रही कि झटके हल्के थे, जिसके चलते किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई खबर सामने नहीं आई।

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 2.8 मापी गई। भूकंप का केंद्र उत्तरी दिल्ली में जमीन से लगभग 5 किलोमीटर नीचे बताया गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि जब भूकंप का केंद्र जमीन की सतह के काफी करीब होता है, तो कम तीव्रता होने के बावजूद झटके महसूस हो सकते हैं। यही वजह रही कि कई लोगों ने साफ तौर पर कंपन महसूस किया।

भूकंप के लिहाज से संवेदनशील है दिल्ली

दिल्ली भूकंप के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्रों में शामिल है। राजधानी हाई रिस्क वाले सिस्मिक जोन-4 में आती है। ऐसे में हल्के झटकों के बाद भी लोगों का घबराना स्वाभाविक है। भूकंप के बाद कुछ समय तक लोग सतर्क नजर आए और सोशल मीडिया पर भी झटकों को लेकर चर्चाएं होती रहीं।

फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में हालात पूरी तरह सामान्य हैं और प्रशासन की ओर से किसी भी आपात स्थिति की सूचना नहीं दी गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि भूकंप संभावित इलाकों में रहने वाले लोगों को हमेशा सतर्क रहना चाहिए और सुरक्षा उपायों की जानकारी होनी चाहिए।

गुजरात में भी दर्ज किया गया था भूकंप

गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार (16 जनवरी) और शनिवार की दरमियानी रात गुजरात के कच्छ जिले में भी भूकंप दर्ज किया गया था। वहां भूकंप की तीव्रता 4.1 मापी गई थी। देश के अलग-अलग हिस्सों में लगातार आ रहे भूकंपों ने लोगों की चिंता जरूर बढ़ा दी है।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/the-broker-kareem-is-shelter-skelter-on-the-bait-of-the-young-man-beating-to-die/

दिल्ली क्राइम: छोटी सी बात पर युवक को डंडे से पीटकर मार डाला

गीता कॉलोनी में मामूली विवाद बना जानलेवा, शराब के नशे में युवक की पीट-पीटकर हत्या पूर्वी दिल्ली के गीता कॉलोनी इलाके में शुक्रवार रात एक मामूली झगड़ा खूनी वारदात में बदल गया। शराब के नशे में हुई कहासुनी के दौरान एक युवक ने दूसरे युवक के सिर पर लकड़ी के डंडे से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

स्कूल की बाउंड्री वॉल के पास मिली लाश

यह वारदात 17 जनवरी की रात करीब 9:49 बजे की बताई जा रही है। पुलिस को सूचना मिली कि गांधी नगर स्थित एसकेवी नंबर-1 स्कूल की बाउंड्री वॉल के पास एक युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान दानुआ के रूप में

मृतक की पहचान दानुआ के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले का निवासी था। वह गांधी नगर इलाके में मटका बनाने का काम करता था और साथ ही रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।

शराब के नशे में हुई बहस

चश्मदीद खुशी राम के बयान के अनुसार, घटना के वक्त मृतक दानुआ और आरोपी दोनों शराब के नशे में थे। किसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले बहस हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और हाथापाई में बदल गई। इसी दौरान आरोपी बंटी ने पास पड़ा एक भारी लकड़ी का डंडा उठाया और दानुआ के सिर पर जोरदार वार कर दिया।

हमला इतना गंभीर था कि दानुआ मौके पर ही गिर पड़ा और उसके सिर व मुंह से काफी खून बहने लगा।

आरोपी गिरफ्तार, डंडा बरामद

सूचना मिलते ही थाना गीता कॉलोनी पुलिस और क्राइम टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी कर सबूत जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने इस मामले में 26 वर्षीय आरोपी बंटी को गिरफ्तार कर लिया है, जो उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के अतरौली का निवासी है और पेशे से रिक्शा चालक बताया जा रहा है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया गया है।

हत्या का मामला दर्ज

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान पुलिस विवाद की असली वजह जानने की कोशिश कर रही है।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/big-successful-larus-bashnai-gag-k-sharpshutter-dabch-gay/