Thursday, May 7, 2026
spot_img
Home Blog Page 76

शिक्षकों की रचनात्मकता को मिला सम्मान: रोहिणी ज़ोन में ‘एजुकेशन रॉकस्टार अचीवर्स अवार्ड’ का आयोजन

दिल्ली दर्पण ब्यूरो
नई दिल्ली: शिक्षा विभाग (नगर निगम दिल्ली) और भारती एयरटेल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में रोहिणी ज़ोन के शिक्षकों के लिए ‘एजुकेशन रॉकस्टार अचीवर्स (ERA) अवार्ड 2025-26′ का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 20 जनवरी को निगम प्रतिभा विद्यालय, सेक्टर 5-B, रोहिणी में संपन्न हुआ। 


नवाचारी शिक्षण सामग्री का प्रदर्शन
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों द्वारा विकसित की गई शिक्षण-अधिगम सामग्री (TLMs) को एक मंच प्रदान करना और उनकी रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना था। प्रदर्शनी के दौरान रोहिणी ज़ोन के 19 स्कूलों से आए 27 शिक्षकों ने अपनी प्रभावी शिक्षण विधियों और TLMs का प्रदर्शन किया। इन सामग्रियों का मूल्यांकन रचनात्मकता और शिक्षण प्रभावशीलता के आधार पर किया गया। 
विजेताओं का सम्मान प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष पाँच शिक्षकों को पुरस्कृत किया गया: 

  • प्रथम स्थान: श्रीमती स्वेता वत्स (नगर निगम विद्यालय, ज्वालापुरी C-5-1) 
  • द्वितीय स्थान: श्रीमती लीना जैन (नगर निगम विद्यालय, सेक्टर-9, रोहिणी) 
  • तृतीय स्थान: श्री मयंक (नगर निगम विद्यालय D-2, सुल्तानपुरी) 
  • सांत्वना पुरस्कार (Consolation): राहुल डबास और मोनिका 
    इसके साथ ही, सभी प्रतिभागी शिक्षकों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। 
    कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रोहिणी ज़ोन की डिप्टी कमिश्नर सुश्री ऋषिता गुप्ता, सहायक शिक्षा निदेशक श्री डी.एन. महतो और स्कूल इंस्पेक्टर श्री भारत भूषण लाल उपस्थित रहे। अतिथियों ने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। भारती एयरटेल फाउंडेशन की ओर से सुश्री नलिनी दीक्षित, श्री सौरम्य रंजन कुमार और दिल्ली टीम भी इस अवसर पर मौजूद रही। 
    भारती एयरटेल फाउंडेशन ने न केवल शिक्षकों के विकास पर ध्यान दिया, बल्कि नई शिक्षा नीति (NEP 2020) के तहत छात्रों के लिए रोचक खेल और चित्रकारी जैसी गतिविधियों का भी आयोजन किया। शिक्षकों ने इस आयोजन को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से भविष्य में विद्यार्थियों के अधिगम (learning) स्तर को बढ़ाने में मदद मिलेगी। 

यह भी पढ़ें:-  https://delhidarpantv.com/bal-bharat-rahan-keep-the-umbrella-on-republic-day-to-be-able-to-make-a-path/

बाल भारती रोहिणी के दो छात्र गणतंत्र दिवस पर ‘कर्तव्य पथ’ के बनेंगे साक्षी

दिल्ली दर्पण ब्यूरो
नई दिल्ली:
नई तकनीक और आविष्कार के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए बाल भारती पब्लिक स्कूल (BBPS), सेक्टर-14, रोहिणी के दो छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का मान बढ़ाया है। कक्षा 11वीं के छात्र कनव जैन और कृषिव उनियाल को आगामी 26 जनवरी 2026 को कर्तव्य पथ पर आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने के लिए विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।


देश के चुनिंदा 100 स्कूलों में मिली जगह
इन छात्रों का चयन देश भर के हजारों अटल टिंकरिंग लैब (ATL) स्कूलों में से शीर्ष 100 में किया गया है। यह आमंत्रण उनकी उत्कृष्ट रचनात्मकता और आविष्कारशील गतिविधियों में निरंतर सक्रियता का परिणाम है। उल्लेखनीय है कि बाल भारती रोहिणी न केवल सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले ATL स्कूलों में शामिल है, बल्कि ‘ATL सारथी’ कार्यक्रम के तहत एक ‘हब स्कूल’ के रूप में अन्य शिक्षण संस्थानों का मार्गदर्शन भी कर रहा है।

बाल भारती रोहिणी के दो छात्र गणतंत्र दिवस पर 'कर्तव्य पथ' के बनेंगे साक्षी


तकनीकी कार्यक्रमों में पेश की मिसाल

कनव और कृषिव ने ‘ATL टिंकरप्रेन्योर बूटकैंप’ और ‘स्कूल इनोवेशन मैराथन’ जैसे प्रतिष्ठित कार्यक्रमों में अपनी समस्या-समाधान क्षमता और टीम वर्क का लोहा मनवाया है। विद्यालय प्रशासन के अनुसार, कर्तव्य पथ पर इस भव्य समारोह का हिस्सा बनना छात्रों के लिए एक गौरवशाली अनुभव होगा। यह उपलब्धि विद्यालय की STEM शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता और देश के भविष्य के वैज्ञानिकों को नई तकनीक से जोड़ने के मिशन को दर्शाती है

यह भी पढ़ें:-  https://delhidarpantv.com/video-of-sensational-youth-getting-shocked-in-dalals-case-summoned/

दिल्ली में सनसनीखेज वारदात: युवक को दौड़ाकर चाकू से गोद डाला, दिल दहला देने वाला VIDEO सामने आया

दिल्ली में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से रोजाना खौफनाक वारदातों की खबरें सामने आ रही हैं। ताजा मामला बाहरी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके से सामने आया है, जहां बदमाशों ने सरेआम एक युवक को दौड़ाकर चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया। इस दिल दहला देने वाली घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

कैसे हुई वारदात?

जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगोलपुरी के एन ब्लॉक में हुई। चार युवकों ने एक युवक पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए युवक बदमाशों से भागते हुए एक घर में घुस गया, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। बदमाशों ने घर के अंदर घुसकर युवक पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए। गंभीर रूप से घायल युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही मंगोलपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान आकाश पुत्र रामेश्वर (उम्र 25 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आकाश रेहड़ी लगाकर अपना गुजारा करता था।

पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

इलाके में दहशत

इस वारदात के बाद मंगोलपुरी इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। वहीं पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

यह भी पढ़ें:-  https://delhidarpantv.com/the-department-of-the-people-will-not-know-the-fire-of-the-people-will-not-know-the-life-of-the-liquor-in-the-village-and-keep-the-chief-of-the-secret-place-with-the-activities-of-the-state-of-the-sec/

जनता के विरोध के आगे झुका आबकारी विभाग, धीरपुर गाँव में नहीं खुलेगा शराब का ठेका

विधायक राजकुमार भाटिया की सक्रियता और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के हस्तक्षेप से स्थानीय लोगों को मिली जीत

-दिल्ली दर्पण ब्यूरो|

नई दिल्ली: आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र के धीरपुर गाँव और निरंकारी कॉलोनी के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों के कड़े विरोध के बाद क्षेत्रीय विधायक राजकुमार भाटिया ने प्रस्तावित शराब के ठेके को खुलने से पहले ही बंद करवा दिया है।

16 जनवरी की रात का है, जब शास्त्री पार्क डी डी ए मार्केट से स्थानांतरित होकर आए इस ठेके पर शराब की पेटियाँ उतारी जाने लगीं। इसकी भनक लगते ही स्थानीय निवासियों, आर.डब्ल्यू.ए., धार्मिक संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने तुरंत विधायक राजकुमार भाटिया को स्थिति से अवगत कराया।

सूचना मिलते ही विधायक ने इसे गंभीरता से लिया और दिल्ली के आबकारी आयुक्त को पत्र लिखकर तुरंत ठेका बंद करने की मांग की। विशेष बात यह रही कि शहर से बाहर होने के बावजूद विधायक भाटिया ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से फोन पर संपर्क साधा और जनता की चिंता साझा की। मुख्यमंत्री के आदेश पर विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ठेका खोलने पर रोक लगा दी।

जनता का हित सर्वोपरि: विधायक विधायक राजकुमार भाटिया ने कहा, “क्षेत्र की जनता का हित मेरे लिए सर्वोपरि है। युवाओं के भविष्य और सामाजिक शांति से खिलवाड़ करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” उन्होंने त्वरित कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री और आबकारी विभाग का आभार भी व्यक्त किया।

भाजपा जिला केशवपुरम के पूर्व मीडिया प्रभारी विनोद शर्मा ने बताया कि इस निर्णय से क्षेत्र में खुशी की लहर है। मार्केट एसोसिएशन और सामाजिक संगठनों ने विधायक की इस त्वरित पहल की सराहना करते हुए उनका धन्यवाद किया है।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/delhi-crime-god-is-giving-ceremony-to-carry-the-moon-letter/

Delhi Crime: भगवान शिव को प्रणाम कर चुराया चांदी का पत्रा

नई दिल्ली:
दिल्ली के निर्माण विहार इलाके स्थित सनातन धर्म मंदिर में बीती रात चोरी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। अज्ञात चोर मंदिर में स्थापित शिवलिंग पर चढ़कर करीब साढ़े तीन किलो वजन का चांदी का पत्रा चोरी कर ले गया। इस पूरी वारदात की तस्वीरें मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं।

जानकारी के मुताबिक, चोरी करने से पहले आरोपी भगवान शिव के सामने प्रणाम करता हुआ नजर आया। इसके बाद वह शिवलिंग पर चढ़ा और वहां लगे चांदी के पत्रे को निकालकर मौके से फरार हो गया। यह वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

सुबह पुजारी पहुंचे तो हुआ खुलासा

सुबह जब मंदिर के पुजारी और श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे, तब उन्हें चोरी की जानकारी मिली। शिवलिंग से चांदी का पत्रा गायब देख उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने दर्ज किया केस, सीसीटीवी खंगाले जा रहे

पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।

स्थानीय लोगों में आक्रोश

इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और मजबूत की जानी चाहिए। वहीं, सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है और अब देखने वाली बात यह होगी कि आरोपी कब तक कानून की गिरफ्त में आते हैं।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/shalimar-bagh-murder-case-broker-police-chief-accused-bharat-yadav-of-pressure/