Thursday, May 7, 2026
spot_img
Home Blog Page 75

थप्पड़ का बदला गोली से! दिल्ली में कैफे के बाहर फायरिंग, आरोपी का सनसनीखेज कबूलनामा

Delhi Cafe Firing:
दिल्ली के मौजपुर इलाके में शुक्रवार देर रात कैफे के बाहर हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान फैजान उर्फ फज्जी के रूप में हुई है। अब इस हत्या मामले में आरोपी का कबूलनामा सामने आया है, जिसमें उसने आपसी रंजिश को हत्या की वजह बताया है।

घटना न्यू वेलकम थाना क्षेत्र के मौजपुर इलाके की है। शुक्रवार रात करीब 10:28 बजे मिस्टर किंग लाउंज एंड कैफे के बाहर अचानक गोलियां चलने लगीं। फायरिंग में फैजान गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल फैजान को तुरंत जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

हत्या के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया, जिसके चलते पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं।

आरोपी का वीडियो कबूलनामा आया सामने
इस बीच कैफे के बाहर फायरिंग करने वाले आरोपी युवक का वीडियो कबूलनामा सामने आया है। वीडियो में आरोपी ने स्वीकार किया कि फैजान की हत्या उसी ने की है। आरोपी ने कहा कि उसे किसी ने कैफे में फैजान के आने की जानकारी दी थी, जिसके बाद उसने वारदात को अंजाम दिया।

आरोपी ने वीडियो में कहा,
“मैंने फैजान को खुद मारा है। इसमें मेरे पापा, परिवार या किसी दोस्त का कोई हाथ नहीं है। मैंने किसी के कहने पर नहीं मारा। मेरी उससे पुरानी रंजिश थी, इसी वजह से मैंने उसे गोली मारी।”

थप्पड़ बना हत्या की वजह
आरोपी ने यह भी दावा किया कि करीब चार महीने पहले फैजान ने उसे थप्पड़ मारा था, जिसका बदला लेने के लिए उसने उसकी हत्या कर दी। आरोपी के मुताबिक इस वारदात के पीछे पैसों का कोई विवाद नहीं था और मृतक का भाई झूठे आरोप लगा रहा है।

फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/maharaj-agarsan-and-madhva-ko-dev-vaishnav-was-born-in-history-of-the-grand-king-of-india-and-the-north-east-weighing-of-the-traditions-of-the-road/

महाराजा अग्रसेन और माता माधवी के ‘दिव्य विवाह’ से जीवंत हुआ गौरवशाली इतिहास

दिल्ली अग्रोहा विकास ट्रस्ट ने राजधानी में रचा इतिहास; प्रधानमंत्री के ‘नॉर्थ-ईस्ट’ विजन को परंपराओं से जोड़ा

नई दिल्ली (दिल्ली दर्पण टीवी ब्यूरो): अग्रवाल-वैश्य समाज के प्रतिष्ठित संगठन “दिल्ली अग्रोहा विकास ट्रस्ट” ने समाज को अपनी जड़ों और गौरवशाली इतिहास से जोड़ने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल की है। वसंत पंचमी की पूर्व संध्या पर राजधानी में महाराजा अग्रसेन और माता माधवी के ‘दिव्य विवाह उत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। समाज के इतिहास में अपनी तरह का यह पहला आयोजन था, जिसमें पारंपरिक उल्लास के साथ-साथ सांस्कृतिक एकता का अनूठा संदेश देखने को मिला।
उत्तर और पूर्वोत्तर के मिलन का प्रतीकप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अक्सर नॉर्थ-ईस्ट (पूर्वोत्तर भारत) को देश की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर देते हैं। आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि महाराजा अग्रसेन ने सदियों पहले ही इस एकता की नींव रख दी थी। दिल्ली अग्रोहा विकास ट्रष्ट के अध्यक्ष बीपी गर्ग ने बताया कि ऐतिहासिक प्रसंगों के अनुसार, महाराजा अग्रसेन हरियाणा के हिसार (अग्रोहा) से बारात लेकर तत्कालीन नागलोक (वर्तमान नागालैंड) पहुँचे थे और नागकन्या माता माधवी से विवाह किया था। ट्रस्ट ने इसी गौरवशाली परंपरा को मंच पर जीवंत कर दिया।

महाराजा अग्रसेन और माता माधवी के ‘दिव्य विवाह’ से जीवंत हुआ गौरवशाली इतिहास-दिल्ली अग्रोहा विकास ट्रस्ट ने राजधानी में रचा इतिहास; प्रधानमंत्री के ‘नॉर्थ-ईस्ट’ विजन को परंपराओं से जोड़ा


पारिवारिक उत्सव सा दिखा नजाराइस उत्सव में अग्रवाल समाज के लोग किसी औपचारिक कार्यक्रम की तरह नहीं, बल्कि एक पारिवारिक विवाह की तरह शामिल हुए। कार्यक्रम में कोई वर पक्ष (अग्रोहा) की ओर से था, तो कोई वधू पक्ष (नागलोक) का प्रतिनिधित्व कर रहा था। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद जी ने इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे सनातन धर्म और संस्कृति के उत्थान के लिए मील का पत्थर बताया।


समाज के लिए डिजिटल पहल: वैवाहिक वेबसाइट लॉन्चट्रस्ट के चेयरमैन और प्रमुख सूत्रधार नंद किशोर अग्रवाल ने इस अवसर पर समाज के लिए एक बड़ी सौगात दी। उन्होंने अग्रवाल समाज के युवक-युवतियों के लिए एक विशेष वैवाहिक वेबसाइट लॉन्च की,www.agroha.org जहाँ लोग स्वयं अपनी जानकारी अपलोड कर सकेंगे। संघ पृष्ठभूमि से जुड़े नंद किशोर अग्रवाल ने कहा कि उनका लक्ष्य देशभर के अग्रवाल समाज को संगठित करना और युवाओं कोअपनी परंपराओं पर गर्व करना सीखना है।
महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और सम्मानमहाराजा अग्रसेन हॉस्पिटल (पंजाबी बाग) की प्रधान मीना गुप्ता ने आयोजन में महिलाओं की सक्रियता की सराहना की। उत्सव के दौरान नागलोक की परंपराओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई, जिसमें ट्रस्ट की महिला समितियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शानदार प्रदर्शन करने वाली टीमों को चेयरमैन द्वारा सम्मानित भी किया गया।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/aiims-broker-in-mudkal-miracle-palace-copied-from-the-patch-of-19-9-yesterday-vashal-tymar/

AIIMS दिल्ली में मेडिकल चमत्कार, महिला के पेट से निकाला गया 19.9 किलो का विशाल ट्यूमर

नई दिल्ली:
आमतौर पर जब किसी मरीज को स्टेज-IV कैंसर होने की जानकारी मिलती है, तो उम्मीदें लगभग खत्म हो जाती हैं। लेकिन दिल्ली स्थित एम्स (AIIMS) में सामने आया एक मामला उन तमाम मरीजों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर उभरा है, जो इस गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं।

पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर की रहने वाली 42 वर्षीय मुनमुन झा स्टेज-IV कोलन कैंसर से पीड़ित थीं। बीमारी इस हद तक बढ़ चुकी थी कि कैंसर उनके शरीर के कई हिस्सों में फैल गया था और पेट में अत्यधिक सूजन आ गई थी। मुनमुन ने देश के कई अस्पतालों में इलाज करवाया, लेकिन कहीं से भी राहत नहीं मिली।

AIIMS पहुंचकर बदली किस्मत

लगातार असफल इलाज के बावजूद मुनमुन ने हार नहीं मानी और देश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल AIIMS दिल्ली का रुख किया। यहां डॉक्टरों की टीम ने उनके अब तक हुए इलाज से जुड़े सभी दस्तावेजों और मेडिकल रिपोर्ट्स का गहन अध्ययन किया और फिर इलाज की नई रणनीति तैयार की।

19.9 किलो ट्यूमर निकालकर रचा इतिहास

AIIMS दिल्ली के प्रो. डॉ. एम.डी. रे और उनकी विशेषज्ञ टीम ने 12 जनवरी 2026 को दो चरणों में एक बेहद जटिल सर्जरी को अंजाम दिया। इस सर्जरी के दौरान मुनमुन के पेट से 19.9 किलो वजनी विशाल ट्यूमर को पूरी तरह सफलतापूर्वक निकाल दिया गया। इसके बाद 15 जनवरी को उनकी HIPEC सर्जरी भी की गई, जो कैंसर के उन्नत मामलों में एक विशेष उपचार प्रक्रिया मानी जाती है।

अब पूरी तरह स्वस्थ, लौट आई मुस्कान

सफल सर्जरी और इलाज के बाद मुनमुन झा अब पूरी तरह स्वस्थ हैं और अपने घर पर सामान्य व खुशहाल जीवन बिता रही हैं। यह मामला न केवल मेडिकल साइंस की बड़ी उपलब्धि है, बल्कि उन हजारों मरीजों के लिए प्रेरणा भी है जो स्टेज-IV कैंसर से जूझ रहे हैं।

स्टेज-IV कैंसर भी अब लाइलाज नहीं

AIIMS के डॉक्टरों का कहना है कि आधुनिक चिकित्सा तकनीकों और विशेषज्ञ इलाज की मदद से आज के दौर में स्टेज-IV कैंसर का भी इलाज संभव है। मुनमुन झा का यह केस इस बात का जीवंत उदाहरण है कि सही समय पर सही इलाज मिलने से असंभव को भी संभव बनाया जा सकता है।

इस सफलता ने न जाने कितने निराश मरीजों और उनके परिवारों के मन में यह विश्वास जगा दिया है कि कैंसर की इस अंतिम स्टेज से भी जंग जीती जा सकती है।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/sarsapar-ma-nabalg-k-chak-sa-ty-dal-palas-n-4-ghat-in-what-mamal-solution-of-sensational-khalas/

सिरसपुर में नाबालिग की चाकू से हत्या, दिल्ली पुलिस ने 4 घंटे में किया मामला सुलझाने का सनसनीखेज खुलासा

दिल्ली के आउटर-नॉर्थ जिले के सिरसपुर इलाके में 17 वर्षीय युवक की चाकू से हत्या के मामले में दिल्ली पुलिस ने महज चार घंटे में सफलता हासिल की। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। साथ ही, हत्या में इस्तेमाल हुआ चाकू भी बरामद किया गया है।

घटना का विवरण
यह घटना 21 जनवरी 2026 की शाम लगभग साढ़े सात बजे हुई। मृतक युवक अपने दोस्तों के साथ छत घाट पार्क, राणा पार्क में अलाव के पास बैठा था। तभी वहां 6-7 युवकों का एक समूह पहुंचा और बिना किसी उकसावे के झगड़ा शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और हमलावरों में से तीन ने चाकू निकाल लिए।

युवक ने दो हमलावरों के वार से बचने की कोशिश की, लेकिन तीसरे आरोपी ने उसके सीने के बाईं ओर, बगल और पसलियों के बीच गहरा चाकू घोंप दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को उसके दोस्तों ने तुरंत बाबासाहेब अंबेडकर अस्पताल पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की तेज़ कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की क्राइम टीम मौके पर पहुंची। सीसीटीवी फुटेज की जांच और आरोपियों के मोबाइल फोन की तकनीकी पड़ताल के बाद, पुलिस ने रात भर अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय उर्फ बिंदी, सनी उर्फ भतूरा, सूरज, राजू उर्फ बंगाली और एक नाबालिग के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, एक आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। फिलहाल, बाकी हथियारों और इस वारदात में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।

दिल्ली पुलिस की इस तेज़ और काबिले तारीफ कार्रवाई ने सिरसपुर इलाके में सुरक्षा की चिंता को अस्थायी तौर पर कम किया है।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/rain-in-the-ncr-snow-fighting-in-the-city/

मौसम का कहर: दिल्ली-NCR में बारिश–तेज हवाएं, श्रीनगर में बर्फबारी से लैंडिंग-टेकऑफ बाधित

दिल्ली-NCR सहित हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। शुक्रवार सुबह दिल्ली-NCR में हल्की बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई, जिससे ठंड में और इजाफा होने की संभावना जताई जा रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने इन राज्यों के लिए हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक का अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

IMD के अनुसार, 23 जनवरी को दिल्ली-NCR, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के कई इलाकों के लिए ‘नाउकास्ट’ चेतावनी जारी की गई है। अगले दो से तीन घंटे के दौरान इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और 5 से 15 मिमी प्रति घंटा की दर से मध्यम बारिश होने की संभावना है। फिलहाल दिल्ली-NCR में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं और दिन के दौरान भी कई इलाकों में बारिश की संभावना बनी हुई है।

इन इलाकों में सबसे ज्यादा असर

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली के सभी 11 जिलों—मध्य, पूर्व, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण, नई दिल्ली समेत—में हाई अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान के अजमेर, झुंझुनू और सीकर, हरियाणा के अंबाला, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, पंचकुला और यमुनानगर, तथा पंजाब के चंडीगढ़, लुधियाना, पटियाला, संगरूर और SAS नगर में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी दी गई है।

प्रदूषण से मिल सकती है राहत

बारिश और तेज हवाओं के चलते दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण के स्तर में भी काफी हद तक गिरावट आने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे लोगों को सांस लेने में कुछ राहत मिल सकती है।

लोगों के लिए दिशा-निर्देश

खराब मौसम को देखते हुए मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा परामर्श जारी किया है। लोगों से अपील की गई है कि वे

  • तेज हवाओं के दौरान पेड़ों या कमजोर ढांचों के नीचे शरण न लें,
  • गैर-जरूरी यात्रा से बचें,
  • कम दृश्यता और जलभराव की स्थिति में धीमी गति से वाहन चलाएं,
  • खिड़कियों से दूर रहें और बिजली के उपकरणों के इस्तेमाल से बचें।

श्रीनगर में बर्फबारी, उड़ान सेवाएं प्रभावित

उधर, श्रीनगर में बर्फबारी के कारण हवाई सेवाएं प्रभावित हुई हैं। मौसम में बदलाव के बाद इंडिगो एयरलाइंस ने ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने बताया कि बर्फबारी की वजह से टेक-ऑफ और लैंडिंग अस्थायी रूप से रोक दी गई है, जिससे फ्लाइट में देरी हो सकती है। इंडिगो ने यात्रियों को आश्वस्त किया है कि जैसे ही मंजूरी मिलेगी, उड़ान संचालन फिर से शुरू कर दिया जाएगा और यात्रियों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

यह भी पढ़ें:-  https://delhidarpantv.com/organising-the-teacher-created-k-maal-samman-rahan-zinc-education-register-award/