Saturday, May 9, 2026
spot_img
Home Blog Page 81

दिल्ली की हवा होगी साफ! MCD का मेगा प्लान, 210 मेकेनिकल स्वीपर्स से होगी सफाई

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में प्रदूषण अब एक स्थायी संकट का रूप ले चुका है। हर साल जहरीली होती हवा लोगों की सेहत पर भारी पड़ रही है। बढ़ता AQI, सांस की बीमारियां और अस्पतालों में मरीजों की बढ़ती संख्या इस खतरे की गंभीरता को साफ दिखाती है। इसी चुनौती से निपटने के लिए इंडिया टीवी के कॉन्क्लेव #PollutionKaSolution में विशेषज्ञों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच अहम चर्चा हुई।

इस कॉन्क्लेव में एमसीडी मेयर राजा इकबाल सिंह, एमसीडी स्टैंडिंग कमिटी के डिप्टी चेयरमैन सुंदर सिंह तंवर और डस्ट पॉल्यूशन एक्सपर्ट कृतिका चौधरी ने प्रदूषण नियंत्रण को लेकर अपनी रणनीति, वार रूम प्लानिंग और भविष्य के विजन को साझा किया।

“बीमारी का इलाज चल रहा है” – मेयर राजा इकबाल सिंह

एमसीडी मेयर राजा इकबाल सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार इस समस्या पर गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने कहा,
“बीमारी बनने में समय लगता है और उसके इलाज में भी वक्त लगता है। हम लगातार प्रयास कर रहे हैं और आने वाले छह महीनों में असर दिखने लगेगा।”
उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में दिल्लीवासियों को साफ हवा और स्वच्छ सड़कें मिलेंगी।

सफाई अभियान में बड़ी बढ़ोतरी

मेयर ने बताया कि पहले निगम के पास केवल 52 मेकेनिकल स्वीपर्स थे, जिन्हें बढ़ाकर 70 कर दिया गया है। इसके अलावा राज्य सरकार और पीडब्लूडी से मिलाकर कुल 210 मेकेनिकल स्वीपर्स जल्द सड़कों पर उतरेंगे।
रात के समय सफाई अभियान चलाया जाएगा ताकि सुबह लोगों को साफ सड़कें मिल सकें। हाई डस्ट जोन को प्राथमिकता के आधार पर साफ किया जाएगा।

डस्ट पॉल्यूशन के दो बड़े स्रोत

डस्ट पॉल्यूशन एक्सपर्ट कृतिका चौधरी ने बताया कि धूल प्रदूषण के दो मुख्य कारण हैं –
पहला, ट्रांस-बाउंड्री डस्ट जो रेगिस्तानी इलाकों, पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आता है, जिसे कंट्रोल करना मुश्किल होता है।
दूसरा, शहर में पैदा होने वाली धूल – टूटी सड़कें, गड्ढे, कंस्ट्रक्शन साइट्स और मलबा। उन्होंने कहा कि इन पर सख्ती से कार्रवाई कर डस्ट को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।

इस पर मेयर ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाली निर्माण साइट्स को बंद किया जाता है और उन पर जुर्माना भी लगाया जाता है।

मलबा डंपिंग पर जागरूकता अभियान

कृतिका चौधरी ने कहा कि लोग अक्सर मलबा गलत जगहों पर फेंक देते हैं क्योंकि उन्हें सही डंपिंग प्वाइंट की जानकारी नहीं होती। उन्होंने बताया कि उनकी संस्था दिल्ली सरकार के साथ मिलकर लोगों को C&D वेस्ट मैनेजमेंट और रीसाइक्लिंग को लेकर जागरूक कर रही है।

मेयर ने बताया कि दिल्ली के 250 वॉर्ड्स में C&D वेस्ट डंपिंग प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां मलबा डाला जाना चाहिए। इस दिशा में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

चालान और कार्रवाई तेज

डिप्टी चेयरमैन सुंदर सिंह तंवर ने बताया कि अब तक 115 चालान काटकर 67,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। इसके अलावा अन्य मामलों में 2,000 से ज्यादा चालान काटकर करीब 1.5 करोड़ रुपये का राजस्व जुटाया गया है।

उन्होंने बताया कि

  • 1,000 छोटी बैटरी मशीनें तंग गलियों की सफाई करेंगी
  • पहले केवल मुख्य सड़कों पर सफाई होती थी, अब गलियों तक सफाई पहुंचेगी
  • कई इलाकों में कूड़े के पहाड़ काफी हद तक खत्म किए जा चुके हैं

सरकार का एक्शन प्लान

कॉन्क्लेव में सरकार के बड़े फैसलों की जानकारी भी साझा की गई:

  • 210 मेकेनिकल स्वीपर्स से सड़क सफाई
  • 1,000 बैटरी मशीनों से गलियों की सफाई
  • 11 सदस्यीय एक्सपर्ट कमेटी का गठन, IIT विशेषज्ञ शामिल
  • दिल्ली में 3,350 इलेक्ट्रिक बसों का ऑर्डर
  • 62 हॉटस्पॉट्स पर स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट
  • प्रदूषण फैलाने वाली 88 फैक्ट्रियों को नोटिस

जल्द दिखेगा असर

अधिकारियों ने भरोसा जताया कि इन सभी प्रयासों का असर जल्द नजर आएगा और दिल्ली के AQI में सुधार होगा। सरकार का लक्ष्य है कि राजधानी को प्रदूषण से राहत दिलाकर लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/one-injured-and-another-injured-after-the-shutter-of-the-lars-bashnai-gang-got-blown-up/

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटर मुठभेड़ के बाद दबोचे गए, एक घायल, दूसरा नाबालिग

नई दिल्ली: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट एंटी नारकोटिक्स टीम और गैंग से जुड़े दो शार्पशूटरों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जबकि दूसरा आरोपी नाबालिग बताया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पकड़े गए दोनों शूटर हाल ही में पश्चिम विहार स्थित आर.के. फिटनेस जिम और वेस्ट विनोद नगर इलाके में एक बिजनेसमैन पर हुई फायरिंग की घटनाओं में शामिल थे। इन वारदातों के जरिए बदमाशों ने रंगदारी की मांग की थी।

बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई पुलिसकर्मी की जान

मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसमें एक कॉन्स्टेबल को भी गोली लगी। हालांकि, बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने एक बदमाश को घायल कर दबोच लिया, जबकि उसके साथी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

हथियार और स्कूटी बरामद

पुलिस की छानबीन में सामने आया है कि पश्चिम विहार और वेस्ट विनोद नगर में हुई फायरिंग की घटनाओं के बाद से ही आरोपियों की तलाश में कई टीमें जुटी थीं। एनकाउंटर के बाद पुलिस ने बदमाशों के पास से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की है।

घायल बदमाश को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दूसरे आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है और पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगाला जा रहा है।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/end-of-10-minute-delivery-era-govt-acts-on-caits-warnings-over-gig-worker-safety/

10 मिनट की डिलीवरी पर लगाम: कैट की वर्षों पुरानी मुहिम पर सरकार की मुहर

-दिल्ली दर्पण ब्यूरो

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म द्वारा दी जा रही 10 मिनट की अल्ट्रा-फास्ट डिलीवरी सेवा पर रोक लगाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने इस कदम का पुरजोर स्वागत करते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में लिया गया एक मानवीय और दूरदर्शी फैसला बताया है। कैट के अनुसार, यह निर्णय डिलीवरी कर्मियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने वाला है, जो अब तक इन प्लेटफॉर्म के अव्यावहारिक समय के दबाव में अपनी जान जोखिम में डाल रहे थे। कैट ने इसे संगठन द्वारा वर्षों से की जा रही मांग और संघर्ष की बड़ी जीत करार दिया है।

संसद के भीतर और बाहर इस मुद्दे को उठाने वाले कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि यह कार्रवाई उस मुहिम का परिणाम है जो मानसून सत्र 2024 में शुरू हुई थी। उस दौरान उन्होंने संसद में एक प्राइवेट मेंबर बिल पेश कर डार्क स्टोर्स पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और क्विक कॉमर्स के अनियंत्रित विस्तार पर लगाम लगाने की मांग की थी। खंडेलवाल ने बार-बार सरकार को आगाह किया था कि 10 मिनट का मॉडल न केवल शहरी नियोजन को बिगाड़ रहा है, बल्कि छोटे व्यापारियों को खत्म कर डिलीवरी कर्मियों पर असहनीय मानसिक और शारीरिक दबाव बना रहा है। इस संबंध में 22 अप्रैल 2025 को एक राष्ट्रीय प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से ई-कॉमर्स की ‘डार्क रियलिटी’ को देश के सामने उजागर किया गया था।

कैट ने अक्टूबर 2025 में भी केंद्र सरकार को एक विस्तृत पत्र भेजकर श्रम कानूनों के उल्लंघन और डिलीवरी कर्मियों के शोषण की विस्तृत जानकारी साझा की थी। श्री खंडेलवाल का मानना है कि आज की गई यह कार्रवाई इस बात की पुष्टि करती है कि क्विक कॉमर्स के इकोसिस्टम को केवल सतही सुधारों की नहीं, बल्कि बड़े संरचनात्मक बदलावों की आवश्यकता है। कैट ने इस बात पर भी चिंता जताई कि कई कंपनियां हादसों के बाद जिम्मेदारी लेने से कतराती रही हैं, जिस पर अब लगाम लगेगी। संगठन ने स्पष्ट किया कि वे भविष्य में भी देश में एक न्यायसंगत, पारदर्शी और कानून सम्मत डिजिटल व्यापार व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सरकार के साथ सक्रिय रूप से सहयोग करते रहेंगे।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/the-power-of-faith-on-the-corona-but-also-on-the-mother-earth-has-produced-a-new-issue-of-social-unity/

आस्था की अटूट शक्ति: तिमारपुर में गिरे मंदिर के मलबे से उपजी सामाजिक एकता की नई मिसाल

दिल्ली दर्पण ब्यूरो
तिमारपुर, दिल्ली:
कभी-कभी आपदाएँ केवल विनाश लेकर नहीं आतीं, बल्कि वे समाज के सोए हुए संकल्प और आपसी प्रेम को जगाने का माध्यम भी बन जाती हैं। तिमारपुर के बुद्ध बाज़ार रोड स्थित उस प्राचीन मंदिर की कहानी भी कुछ ऐसी ही है, जहाँ प्रकृति के एक प्रहार ने श्रद्धालुओं के दिलों को तो झकझोरा, लेकिन उनकी आस्था को और अधिक सुदृढ़ कर दिया।

जब आस्था की दीवारें गिरीं, तो फफक पड़े श्रद्धालु
कुछ दिन पहले जब एक विशालकाय पुराना पेड़ अचानक इस प्राचीन मंदिर पर गिरा, तो वह न केवल ईंट-पत्थरों का ढांचा था जो ढहा, बल्कि हज़ारों श्रद्धालुओं की स्मृतियाँ और भावनाएँ भी मलबे में दब गईं। यह मंदिर दशकों से क्षेत्र की आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र था। हादसे के बाद मंदिर की क्षतिग्रस्त स्थिति को देखकर कई बुजुर्गों और स्थानीय निवासियों की आँखें नम थीं। ऐसा लग रहा था मानो किसी ने उनके घर का ही कोई हिस्सा छीन लिया हो।


संकट में दिखी एकजुटता की अलख
लेकिन शोक की यह घड़ी अधिक लंबी नहीं चली। दुख ने तिमारपुर के निवासियों को बांटने के बजाय एक सूत्र में पिरो दिया। बिना किसी सरकारी मदद का इंतज़ार किए, स्थानीय लोग खुद फावड़े और टोकरियाँ लेकर निकल पड़े। युवा, बुजुर्ग और महिलाएं—सभी ने मिलकर मलबे को साफ किया। इस सामूहिक प्रयास ने यह साबित कर दिया कि जब समाज एक लक्ष्य के लिए खड़ा होता है, तो कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती।


मकर संक्रांति: नई शुरुआत का पावन संकल्प
आज, 14 जनवरी को जब पूरा देश मकर संक्रांति के पावन पर्व पर सूर्य के उत्तरायण होने का उत्सव मना रहा है, तिमारपुर के इस मंदिर प्रांगण में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ। विधिवत मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ मंदिर के पुनर्निर्माण का शिलान्यास किया गया।
श्रद्धालुओं ने संकल्प लिया कि वे अपने श्रम और सामर्थ्य से इस मंदिर को पहले से भी भव्य रूप देंगे। वहां उपस्थित एक बुजुर्ग ने भावुक होते हुए कहा, “पेड़ ने मंदिर की छत तोड़ी है, हमारी आस्था नहीं। हम इसे फिर से खड़ा करेंगे, और इस बार यह ईंटों से ज्यादा हमारे आपसी प्रेम से बना होगा।”
एकता की प्रेरणादायक मिसाल
तिमारपुर की यह घटना केवल एक मंदिर के पुनर्निर्माण की कहानी नहीं है; यह कहानी है उस अजेय मानवीय भावना की, जो आपदा को अवसर में बदलना जानती है। आज बुद्ध बाज़ार रोड से गुजरने वाला हर व्यक्ति उस जगह को देखकर गौरवान्वित महसूस कर रहा है, जहाँ मलबे के बीच से सामाजिक समरसता की एक नई इबारत लिखी जा रही है।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/maharal-k-city-awareness-program-khal-khal-me-sakh-lakattar-kal-kal/

मेहरौली के सेंट जॉन्स स्कूल में नागरिक जागरूकता कार्यक्रम: खेल-खेल में सीखीं लोकतंत्र की बारीकियां

-उज्जवल प्रताप , दिल्ली दर्पण ब्यूरो
मेहरौली, नई दिल्ली:
छात्रों में लोकतांत्रिक मूल्यों और जिम्मेदार नागरिकता की भावना जगाने के उद्देश्य से सेंट जॉन्स स्कूल, मेहरौली में एक विशेष सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह पहल मेहरौली पुलिस स्टेशन और ‘आजाद हिंद सोशल बॉडी’ के साझा सहयोग से पूरी हुई।
इस एक दिवसीय कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “पावर एंड रिस्पॉन्सिबिलिटी गेम” रहा। इसमें 14 से 15 वर्ष की आयु के छात्रों ने हिस्सा लिया और यह समझा कि सत्ता और जिम्मेदारी एक-दूसरे के पूरक कैसे हैं।
रोल रिवर्सल से बढ़ाया आत्मविश्वास
कार्यक्रम के प्रथम चरण में छात्रों ने ‘रोल रिवर्सल’ गतिविधि के तहत स्कूल के प्रधानाचार्य, शिक्षक और वक्ता की भूमिकाएं निभाईं। “देश के लिए मेरा योगदान” विषय पर बोलते हुए नन्हे नेतृत्वकर्ताओं ने अपनी भविष्य की योजनाओं और सामाजिक जिम्मेदारी पर बेबाक विचार रखे।
वोट से बढ़कर है संवाद


दूसरे चरण में आयोजित “वोट या आवाज़” गतिविधि ने छात्रों को लोकतंत्र की गहराई से रूबरू कराया। मतदान और उसके बाद हुई खुली चर्चा के माध्यम से बच्चों को यह सिखाया गया कि लोकतंत्र केवल वोट देने का नाम नहीं है, बल्कि तर्कसंगत संवाद और विचार-विमर्श ही इसकी असली बुनियाद है।
जिम्मेदार नागरिक बनने की सीख
समारोह के समापन पर उपस्थित पुलिस प्रतिनिधियों और आयोजकों ने छात्रों को कानून के प्रति सम्मान दिखाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया। स्कूल प्रबंधन ने इस आयोजन को छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए एक सार्थक मंच बताया।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/10-minute-delivery-on-the-rack-block-all-the-gathering-on-the-japat-was-hit-by-raghav-chaddh-bal-we-won/