Saturday, May 9, 2026
spot_img
Home Blog Page 84

दिल्ली में मनमानी फीस बढ़ोतरी पर रोक, CM रेखा गुप्ता का बड़ा बयान

नई दिल्ली:
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार (9 जनवरी) को साफ शब्दों में कहा कि राजधानी में कोई भी स्कूल अपनी मनमर्जी से फीस नहीं बढ़ा सकता। सरकार के 11 महीने पूरे होने के मौके पर सीएम ने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट कर अपनी उपलब्धियां गिनाईं और कहा कि उनकी सरकार ने पारदर्शिता के साथ काम किया है।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, “हर काम में हमारी नीति और नियत दोनों स्पष्ट है। हमने दिल्ली की बेहतरी के लिए करके दिखाया है और आगे भी करते रहेंगे। दिल्ली का कल बेहतर और सुंदर होगा, इसका भरोसा मैं दिल्ली की जनता को दिलाती हूं।” उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार ने 11 महीनों में वो कर दिखाया है, जो पिछली सरकारें 11 साल में भी नहीं कर सकीं।

सरकार की प्रमुख उपलब्धियां

मुख्यमंत्री ने अपने 11 महीने के कार्यकाल की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि:

  • वर्षों बाद दिल्ली के व्यापारियों को तय समय-सीमा में उनका जीएसटी रिफंड मिला।
  • दिव्यांगजनों के लिए ₹6000 की आर्थिक सहायता योजना शुरू की गई।
  • पब्लिक ट्रांसपोर्ट को पूरी तरह इलेक्ट्रिक (EV) करने का लक्ष्य तय किया गया है।
  • 100 अटल कैंटीन बनाने का वादा किया गया था, जिनमें से अब तक 45 बन चुकी हैं, बाकी 55 भी जल्द पूरी की जाएंगी।
  • शपथ ग्रहण के दिन ही कैबिनेट बैठक बुलाकर आयुष्मान भारत योजना को मंजूरी दी गई।
  • 11 महीनों में आयुष्मान भारत योजना के तहत 4 लाख से ज्यादा लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया, जबकि वय वंदना योजना में 2 लाख से अधिक बुजुर्ग जुड़े।
  • दोनों योजनाओं के तहत अब तक 19 हजार से ज्यादा लोगों को इलाज मिला और 32 करोड़ रुपये से अधिक के क्लेम दिए जा चुके हैं।
  • अब तक 238 आरोग्य मंदिर खोले जा चुके हैं, 100 और तैयार हैं और भविष्य में इनकी संख्या 1100 तक ले जाने की योजना है।
  • ऑर्गन डोनेशन के लिए SOTTO (State Organ and Tissue Transplant Organisation) का गठन किया गया, जिससे अंगदान की प्रक्रिया को व्यवस्थित किया गया।

सेवा ही हमारा शासन मॉडल

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में शासन का मतलब सत्ता का प्रदर्शन नहीं, बल्कि सेवा का अभ्यास है। “यहां फैसले शोर से नहीं, समन्वय से लिए जाते हैं और सरकार का हर कदम नागरिक सेवा और राष्ट्र-प्रथम की भावना से प्रेरित है,” उन्होंने कहा।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि उनकी सरकार दिल्ली को एक नई दिशा और बेहतर भविष्य की ओर ले जाने में सफल रही है और आने वाले समय में भी जनता की उम्मीदों पर खरी उतरेगी।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/bjp-is-indulging-in-big-trouble-in-the-politics-of-politics-and-is-not-telling-itself-who-is-the-real-mastermaid/

दिल्ली की राजनीति में बड़ा ‘खेल’: इस्तीफा मांगने पहुंची BJP खुद फंसी, अनुराग ढांडा ने बताया कौन है असली ‘मास्टरमाइंड’?

दिल्ली दर्पण ब्यूरो |नई दिल्ली | दिल्ली की सियासत में आज शब्दों के ऐसे बाण चले कि आतिशी का इस्तीफा मांगने निकली भाजपा खुद अपना मुंह छिपाने पर मजबूर हो गई। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुराग ढांडा ने मीडिया के कैमरों के सामने वह ‘धोबी पछाड़’ मारी कि पूरा नैरेटिव ही बदल गया। ढांडा ने दो टूक कहा कि जिस विवाद पर भाजपा छाती पीट रही है, उसका असली विलेन और मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि दंगों के पुराने आरोपों से घिरे कपिल मिश्रा हैं। दिल्ली दर्पण टीवी से बेबाकी से बात करते हुए अनुराग ढांडा ने भाजपा के दावों के परखच्चे उड़ा दिए। उन्होंने दहाड़ते हुए कहा कि भाजपा जिस अपमान की बात कर रही है, वह आतिशी ने नहीं बल्कि खुद कपिल मिश्रा ने किया है। ढांडा ने आरोप लगाया कि कपिल मिश्रा ने एक फर्जी और एडिटेड वीडियो का सहारा लेकर सिखों के पवित्र गुरु साहब का नाम अपनी गंदी राजनीति में घसीटा है। उन्होंने सीधे शब्दों में चुनौती दी कि अगर भाजपा में रत्ती भर भी हिम्मत है, तो विधानसभा का असली और ओरिजनल वीडियो सामने लाए, वरना अपनी झूठ की दुकान तुरंत बंद करे।सुबह तक जो भाजपा हमलावर मुद्रा में सड़कों पर उतरी थी, अनुराग ढांडा की एक प्रेस वार्ता के बाद वह पूरी तरह बचाव की मुद्रा में आ गई है।

ढांडा ने मीडिया में बाजी पलटते हुए सवाल दागा कि आखिर भाजपा के नेताओं में पंजाब और पंजाबियों के खिलाफ इतनी नफरत भरी कहां से है? उन्होंने कपिल मिश्रा का काला चिट्ठा खोलते हुए कहा कि जिस व्यक्ति ने पहले भी दिल्ली को दंगों की आग में झोंकने का काम किया था, वह अब फिर से धार्मिक उन्माद पैदा करने का जहरीला खेल खेल रहा है। इस तीखे पलटवार ने भाजपा के पूरे विरोध प्रदर्शन की हवा निकाल दी है। जहाँ भाजपा सुबह आतिशी के इस्तीफे की जिद पर अड़ी थी, वहीं दोपहर होते-होते पूरी बहस कपिल मिश्रा की साख और उनके द्वारा फैलाए गए कथित ‘फर्जी वीडियो’ पर टिक गई। अनुराग ढांडा ने मीडिया के सामने बहुत ही चालाकी और आक्रामकता से गेंद भाजपा के पाले में डाल दी, जिससे अब भाजपा नेतृत्व को अपने ही नेता के दावों पर जवाब देते नहीं बन रहा है।अनुराग ढांडा ने तीखे लहजे में अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अब मांग आतिशी के इस्तीफे की नहीं, बल्कि इस पूरे फसाद की जड़ कपिल मिश्रा की बर्खास्तगी की होगी। उन्होंने कहा कि कपिल मिश्रा ने गुरु साहब का नाम लेकर और अपशब्द लिखकर जो अक्षम्य पाप किया है, उसके लिए उन्हें अकाल तख्त पर जाकर नाक रगड़कर माफी मांगनी चाहिए। ढांडा ने साफ कर दिया कि आम आदमी पार्टी गुरुओं का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी और अब लड़ाई आर-पार की होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भाजपा अपने इस ‘मास्टरमाइंड’ को तुरंत पद से नहीं हटाती, तो यह मान लिया जाएगा कि यह पूरी घिनौनी साजिश ऊपर बैठे बड़े नेताओं के इशारे पर रची गई है। इस घटनाक्रम ने दिल्ली की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया है, जहाँ पीड़ित बनने की कोशिश कर रही भाजपा अब खुद कठघरे में खड़ी है। अब देखना यह होगा कि फर्जी वीडियो के आरोपों पर घिरी भाजपा के पास अनुराग ढांडा की इस खुली चुनौती और ‘नाक रगड़कर माफी’ मांगने वाली मांग का क्या तोड़ है।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/45-year-old-man-who-was-tragically-cut-in-the-broker/

दिल्ली में दर्दनाक हादसा: पेड़ की कटाई के दौरान गई 45 वर्षीय व्यक्ति की जान

नई दिल्ली:
राजधानी दिल्ली के नारायणा विहार इलाके में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें 45 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब सरकारी एजेंसी द्वारा पीपल के पेड़ की छंटाई का काम किया जा रहा था। अचानक गिरी भारी टहनी की चपेट में आने से राहगीर की मौके पर गंभीर हालत हो गई, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पश्चिमी दिल्ली के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने मीडिया को बताया कि 8 जनवरी को नारायणा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि रिंग रोड पर एचडीएफसी बैंक के सामने एक व्यक्ति के ऊपर पेड़ गिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पेड़ की छंटाई के दौरान हुआ हादसा

जांच में सामने आया कि A-26, नारायणा विहार के सामने पीपल के पेड़ की छंटाई सरकारी एजेंसी द्वारा की जा रही थी। उसी दौरान नरायणा गांव निवासी 45 वर्षीय मुकेश वहां से गुजर रहे थे। तभी पेड़ से कटी हुई एक बड़ी टहनी अचानक उनके ऊपर गिर गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल मुकेश को तुरंत राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

पीडब्ल्यूडी पर लापरवाही का आरोप

बताया जा रहा है कि पेड़ की छंटाई का कार्य लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से कराया जा रहा था। शुरुआती जांच में सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कटाई के दौरान न तो सड़क को बंद किया गया था और न ही कोई चेतावनी बोर्ड या सुरक्षा घेरा लगाया गया था।

दिल्ली पुलिस ने इस मामले में लापरवाही से मौत का कारण बनने सहित संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। साथ ही, पेड़ की कटाई में लगी एजेंसी और जिम्मेदार कर्मचारियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हादसा महज लापरवाही का नतीजा था या इसमें किसी की गंभीर चूक सामने आती है।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/dalal-sakt-kart-kalrak-n-tap-filler-s-kadkar-jan-the-suside-nut-mal/

दिल्ली साकेत कोर्ट: क्लर्क ने टॉप फ्लोर से कूदकर जान दी, सुसाइड नोट मिला

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के साकेत कोर्ट में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। कोर्ट में कार्यरत क्लर्क हरीश सिंह ने आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार हरीश कोर्ट के टॉप फ्लोर से कूद गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनके पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।

हरीश सिंह 60 प्रतिशत दिव्यांग थे और साकेत कोर्ट में अदालती अभिलेखों के रखरखाव और न्यायाधीशों की सहायता का कार्य करते थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, काम के अत्यधिक दबाव और मानसिक तनाव के कारण उन्होंने यह कदम उठाया। सुसाइड नोट में उन्होंने किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया।

कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के तुरंत बाद कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। कर्मचारी घटनास्थल की ओर भागे, लेकिन तब तक हरीश सिंह की मौत हो चुकी थी। इस कारण कोर्ट में कार्यवाही कुछ समय के लिए स्थगित कर दी गई। घटना से कोर्ट के कर्मचारियों में शोक की लहर फैल गई है।

पुलिस जांच जारी

दिल्ली पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुसाइड नोट का फोरेंसिक विश्लेषण किया जा रहा है, साथ ही हरीश सिंह के सहकर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है।

सहकर्मियों ने हरीश को मेहनती और जिम्मेदार बताया, लेकिन अत्यधिक कार्यभार और मानसिक तनाव में होने के कारण आत्महत्या की आशंका जताई। इस घटना ने कोर्ट में कार्यरत कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य और कार्यभार प्रबंधन की आवश्यकता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और कोर्ट प्रशासन ने भी कर्मचारियों के लिए सहानुभूतिपूर्ण माहौल बनाने के उपायों पर ध्यान देने की घोषणा की है।

यह भी पढ़ें:-  https://delhidarpantv.com/tarkaman-group-mamal-12-arpay-k-arfatar-10-important-khals/

तुर्कमान गेट मामला: 12 आरोपियों की गिरफ्तारी, 10 अहम खुलासे

नई दिल्ली:
दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में हुई हिंसा के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इस मामले में पुलिस अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। हाल ही में गुरुवार को पुलिस ने हिंसा भड़काने के आरोप में 6 और लोगों को पकड़ा, जिन्हें कोर्ट में पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि हिंसा से जुड़े सबूत इकट्ठा करने का काम लगातार जारी है। घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन फुटेज व बॉडीकैम की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है। इसके अलावा, सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों की भी पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

तुर्कमान गेट हिंसा से जुड़े 10 बड़े अपडेट

  1. पत्थरबाजी के आरोप में अब तक 12 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
  2. गिरफ्तार आरोपियों में सुल्तानपुरी निवासी इमरान भी शामिल है।
  3. पुलिस ने 15 अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
  4. जामिया नगर के एक यूट्यूब इन्फ्लुएंसर से भी पूछताछ की जा रही है।
  5. दिल्ली के विभिन्न इलाकों में रातभर पुलिस की छापेमारी चली।
  6. जुमे की नमाज को लेकर अमन कमेटी के साथ बैठकें की जा रही हैं।
  7. तुर्कमान गेट, जामिया, चांदनी महल, बल्लीमारान और जामा मस्जिद इलाकों में पुलिस अलर्ट पर है।
  8. फैज-ए-इलाही मस्जिद में भीड़ न जुटाने की पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है।
  9. जुमे की नमाज के बाद किसी भी प्रदर्शन को लेकर पुलिस सतर्क है।
  10. संवेदनशील इलाकों और मस्जिदों के आसपास भारी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं।

जुमे की नमाज के मद्देनजर बढ़ाई गई सुरक्षा

आज जुमे की नमाज को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने विशेष सतर्कता बरती है। तुर्कमान गेट के पास दरगाह फैज-ए-इलाही मस्जिद के आसपास अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान हुई हिंसा को ध्यान में रखते हुए कई संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घरों में या आसपास की मस्जिदों में ही नमाज अदा करें और अनावश्यक भीड़ से बचें।

जामा मस्जिद, फतेहपुरी मस्जिद, चावड़ी बाजार, ईदगाह, सदर बाजार, बाटला हाउस, जाकिर नगर, शाहीन बाग, निजामुद्दीन, जाफराबाद, मुस्तफाबाद, सीलमपुर और जहांगीरपुरी जैसे इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस हर आने-जाने वाले व्यक्ति पर पैनी नजर बनाए हुए है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:-  https://delhidarpantv.com/laxman-nagar-terminal-murder-accused-of-fearing-a-big-debt-due-to-banishment/