Sunday, June 14, 2026
spot_img
Home Blog Page 90

जहाँगीर पुरी पुलिस की बड़ी सफलता: 48 घंटे के भीतर खोजे गए 5 लापता लोग, राजस्थान और गुजरात तक चला सर्च ऑपरेशन

नई दिल्ली: उत्तर-पश्चिम जिले के थाना जहाँगीर पुरी की पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए अलग-अलग मामलों में लापता और अपहृत हुए पांच व्यक्तियों को सफलतापूर्वक तलाश कर उनके परिजनों से मिलाया है। बरामद किए गए लोगों में दो नाबालिग लड़कियां और तीन वयस्क शामिल हैं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सराहना की जा रही है।

राजस्थान और गुजरात से हुई नाबालिगों की बरामदगी
पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए लोगों में दो ऐसी नाबालिग लड़कियां शामिल थीं जिन्हें दिल्ली से बाहर ले जाया गया था। एक मामले में (FIR No. 82/2026), एसआई राजेश और उनकी टीम ने महज 48 घंटे के भीतर कड़ी मशक्कत के बाद लड़की को भिलवाड़ा, राजस्थान से सुरक्षित बरामद किया। वहीं, एक अन्य मामले (FIR No. 1006/25) में एएसआई अशोक कुमार की टीम ने तकनीकी जांच और जमीनी नेटवर्क की मदद से दूसरी नाबालिग लड़की को सूरत, गुजरात से खोज निकाला।

जहाँगीर पुरी पुलिस की बड़ी सफलता: 48 घंटे के भीतर खोजे गए 5 लापता लोग, राजस्थान और गुजरात तक चला सर्च ऑपरेशन

24 घंटे के भीतर हुई अन्य बरामदगी
पुलिस की टीमों ने अन्य तीन वयस्कों को भी रिकॉर्ड समय में तलाश लिया,चंदनी (28 वर्ष) एचसी अमित और उनकी टीम ने तत्परता दिखाते हुए इन्हें खोजा और परिवार को सौंपा।
सागर (26 वर्ष): इन्हें लापता होने के मात्र 24 घंटे के भीतर पुलिस टीम ने सुरक्षित ढूंढ निकाला। सपना (30 वर्ष): सी-ब्लॉक निवासी सपना को एचसी मंदीप की टीम ने 24 घंटे के अंदर खोजकर उनके पति अर्जुन के सुपुर्द किया।

यह पूरा ऑपरेशन जहाँगीर पुरी के एसएचओ इंस्पेक्टर सतविंदर सिंह के मार्गदर्शन और एसीपी योगेंद्र खोकहर के समग्र निर्देशन में चलाया गया। फील्ड में टीमों को इंस्पेक्टर नेतराम (लॉ एंड ऑर्डर) द्वारा सहयोग प्रदान किया गया। पुलिस टीम ने समन्वित प्रयासों, जमीनी सत्यापन और समय पर फॉलो-अप के जरिए इन सभी को सुरक्षित घर वापस पहुंचाया।

अपनों से दोबारा मिलने पर परिजनों ने दिल्ली पुलिस का आभार व्यक्त किया है। थाना स्टाफ की इस पेशेवर कार्यशैली ने एक बार फिर पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत किया है।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/the-boy-who-hangs-himself-from-the-pain-stricken-man-feeling-ashamed-in-the-broker/

दिल्ली में मानवता हुई शर्मसार, दर्द से तड़पते शख्स को लूटकर फरार हुए लड़के

नई दिल्ली:
दिल्ली के विकास नगर इलाके से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति सड़क पर गिरकर दर्द से तड़प रहा था, लेकिन उसकी मदद करने के बजाय कुछ लोग उसकी जेब से मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गए। समय पर सहायता न मिलने के कारण उस व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

सुबह-सुबह सड़क पर गिरा व्यक्ति

यह मामला आउटर दिल्ली के रनहोला थाना क्षेत्र के विकास नगर इलाके का है। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, शनिवार तड़के करीब 4 बजे एक व्यक्ति अचानक चक्कर खाकर सड़क पर गिर पड़ा और तड़पने लगा। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि उसे दिल का दौरा या मिर्गी का अटैक पड़ा हो सकता है। उस वक्त आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे उसे तत्काल कोई मदद नहीं मिल सकी।

मदद की जगह की गई लूट

कुछ देर बाद स्कूटी पर सवार दो युवक वहां से गुजरते नजर आए। उन्होंने सड़क पर गिरे व्यक्ति को देखा और रुक गए। ऐसा प्रतीत हुआ कि वे उसकी मदद करेंगे, लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल उलट निकली। स्कूटी से उतरकर एक युवक ने जमीन पर पड़े व्यक्ति की जेब से मोबाइल फोन निकाल लिया और वापस जाने लगा।

इसके बाद युवक को लगा कि व्यक्ति के पास नकदी भी हो सकती है, तो वह दोबारा लौटकर उसकी तलाशी लेने लगा। इसी दौरान उसकी नजर पास में लगे सीसीटीवी कैमरे पर पड़ी, जिसके बाद दोनों युवक घबराकर मौके से फरार हो गए।

इलाज न मिलने से हुई मौत

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया जाता, तो उसकी जान बच सकती थी। लेकिन मदद के अभाव में वह व्यक्ति तड़पता रहा और अंततः दम तोड़ दिया। इस घटना ने एक बार फिर समाज में बढ़ती संवेदनहीनता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस की तलाश जारी

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच जारी है और लूट व लापरवाही से मौत से जुड़ी धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/fur-dahal-dalal-dalwar-by-k-chak-s-gadkar-hatya-3-nabalg-harsat-m/

फिर दहली दिल्ली: डिलीवरी बॉय की चाकू से गोदकर हत्या, 3 नाबालिग हिरासत में

नई दिल्ली: दिल्ली में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। एक बार फिर हत्या की सनसनीखेज वारदात ने दिल्लीवासियों को दहला दिया है। पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर थाना क्षेत्र के आचार्य निकेतन इलाके में एक डिलीवरी बॉय की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने तीन नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया है।

जानकारी के मुताबिक, 2 फरवरी की रात करीब 8:15 बजे दिल्ली पुलिस को पीसीआर कॉल मिली, जिसमें एक युवक को चाकू मारने की सूचना दी गई थी। कॉल मिलते ही पांडव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल एलबीएस अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, मृतक के गले और सीने पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई थी।

मृतक की पहचान अरुण राज (22) पुत्र राज शेखर, निवासी पटपड़गंज के रूप में हुई है। अरुण पेशे से डिलीवरी बॉय था और रोज़मर्रा की तरह काम पर निकला था, लेकिन उसे क्या पता था कि वह घर वापस नहीं लौट पाएगा। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

विवाद के बाद दिया गया वारदात को अंजाम

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने वाले तीन युवक मोटरसाइकिल से आए थे। किसी बात को लेकर डिलीवरी बॉय से उनका विवाद हुआ, जो कुछ ही देर में हिंसक हो गया। इसके बाद आरोपियों ने धारदार हथियार से अरुण पर ताबड़तोड़ हमला किया और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम ने मौके की जांच की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और उन्हें पकड़ने में सफलता हासिल की।

तीनों आरोपी नाबालिग, पूछताछ जारी

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले तीनों आरोपी नाबालिग हैं। पहले एक आरोपी को हिरासत में लिया गया, जिसके बाद बाकी दो को भी पकड़ लिया गया। फिलहाल तीनों नाबालिगों से पूछताछ की जा रही है और हत्या के पीछे की असली वजह जानने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/budget-2026-how-to-change-party-to-act-on-demand-performance-and-crime-or-only-figures-of-play/

बजट 2026: क्या बदलेगी दिल्ली की तक़दीर? जाम, प्रदूषण और अपराध पर असली एक्शन या सिर्फ आंकड़ों का खेल?

नई दिल्ली:
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2026-27 पेश कर दिया है। बजट के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या इस बार देश की दिल्ली को उसकी पुरानी और गंभीर समस्याओं से राहत मिलेगी या फिर ये घोषणाएं भी आंकड़ों तक सीमित रह जाएंगी। ट्रैफिक जाम, प्रदूषण, बढ़ता अपराध और सरकारी अस्पतालों पर दबाव—ये वो मुद्दे हैं जिनसे हर दिल्लीवाला रोज जूझता है।

बजट 2026 में दिल्ली के लिए पुलिसिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर और स्वास्थ्य सेवाओं पर खास ध्यान दिया गया है, जबकि प्रदूषण नियंत्रण को लेकर मिली राशि पर विशेषज्ञ सवाल खड़े कर रहे हैं।

ट्रैफिक जाम से निजात की तैयारी

दिल्ली की सबसे बड़ी समस्या ट्रैफिक है। बजट में दिल्ली पुलिस के लिए 12,503.65 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 4.79 प्रतिशत अधिक है।

सरकार का कहना है कि इस राशि का इस्तेमाल आधुनिक ट्रैफिक सिग्नल, स्मार्ट मॉनिटरिंग सिस्टम और तकनीक आधारित ट्रैफिक मैनेजमेंट पर किया जाएगा। इससे न सिर्फ जाम की समस्या कम होगी, बल्कि आपातकालीन सेवाओं का रिस्पॉन्स टाइम भी सुधरेगा।

इसके अलावा दिल्ली-वाराणसी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर को लेकर किए गए ऐलान को राजधानी की कनेक्टिविटी के लिए बड़ा कदम माना जा रहा है।

अपराध पर शिकंजा कसने की कोशिश

दिल्ली में अपराध को लेकर अक्सर सवाल उठते रहे हैं। बजट 2026 में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दिल्ली पुलिस के बुनियादी ढांचे, सर्विलांस सिस्टम और कम्युनिकेशन नेटवर्क को अपग्रेड करने पर जोर दिया गया है।

सरकार का दावा है कि नई तकनीक के जरिए पुलिस की कार्रवाई तेज होगी और अपराधियों पर निगरानी और सख्त की जा सकेगी।

प्रदूषण और यमुना की सफाई पर बहस

दिल्ली की हवा और यमुना नदी की हालत राजधानी के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। बजट में प्रदूषण नियंत्रण के लिए 1,091 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। हालांकि जानकारों का मानना है कि यह राशि समस्या की गंभीरता के मुकाबले कम है।

सरकार का फोकस कार्बन कैप्चर, कचरा प्रबंधन और स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के अगले चरण पर है। यमुना की सफाई के लिए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और कचरा निस्तारण परियोजनाओं को गति देने की बात कही गई है। लक्ष्य है कि 2026 तक शहरी इलाकों को गारबेज फ्री बनाया जाए।

स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ी राहत

दिल्ली के सरकारी अस्पतालों पर पूरे देश के मरीजों का दबाव रहता है। बजट 2026 में स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए राहत की घोषणा की गई है।

  • AIIMS दिल्ली को 5,500 करोड़ रुपये से अधिक
  • सफदरजंग अस्पताल को 2,170 करोड़ रुपये
  • RML अस्पताल को 1,450 करोड़ रुपये

सरकार का उद्देश्य अस्पतालों में बेड की संख्या बढ़ाना और आधुनिक जांच सुविधाओं को आम जनता तक पहुंचाना है।

दिल्ली को कितनी केंद्रीय मदद?

बजट 2026 में दिल्ली के लिए 1,348 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता का प्रावधान किया गया है। इंफ्रास्ट्रक्चर और पुलिसिंग पर फोकस साफ नजर आता है, लेकिन प्रदूषण और कचरे जैसी जमीनी समस्याओं पर इस बजट का असर कितना होगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

फिलहाल बजट से उम्मीदें तो जगी हैं, लेकिन असली परीक्षा जमीनी अमल की होगी।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/delhi-fog-alert-delhi-covered-with-wrath-rain-today-possible-rain-in-the-beginning-of-february/

Delhi Fog Alert: कोहरे से ढकी Delhi, आज बारिश संभव, फरवरी की शुरुआत में रिकॉर्डतोड़ बरसात

नई दिल्ली:
फरवरी की शुरुआत के साथ ही मौसम ने अचानक करवट ले ली है। अगर आप सोच रहे थे कि जनवरी की बारिश के बाद फरवरी में मौसम साफ और सुहावना रहेगा, तो पहले ही हफ्ते में यह उम्मीद टूटती नजर आ रही है। फरवरी के पहले दो दिनों में लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से दिल्ली-NCR समेत पूरे उत्तर पश्चिमी भारत में मौसम का मिजाज बिगड़ गया है।

दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। हालात ऐसे रहे कि कई इलाकों में कुछ मीटर तक भी देख पाना मुश्किल हो गया। वहीं मौसम विभाग ने इस हफ्ते मैदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ी राज्यों में बारिश व बर्फबारी की चेतावनी जारी की है।

दिल्ली और वेस्ट यूपी में घने कोहरे का अलर्ट

मौसम विभाग ने दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए घने से अत्यधिक घने कोहरे का ऑरेंज और कई स्थानों पर रेड अलर्ट जारी किया है। आगरा, बरेली और बठिंडा जैसे शहरों में सुबह के समय जीरो विजिबिलिटी दर्ज की गई।

गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट पर भी दृश्यता बेहद कम रही, जबकि दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी करीब 150 मीटर रिकॉर्ड की गई। आईटीओ, अक्षरधाम और राजीव चौक समेत राजधानी के कई इलाकों में कोहरे के कारण ट्रैफिक प्रभावित हुआ।

कोहरे से रेल यातायात प्रभावित, 80 से ज्यादा ट्रेनें लेट

घने कोहरे का असर रेल यातायात पर भी साफ नजर आया। भारतीय रेलवे के अनुसार, उत्तर भारत में करीब 87 ट्रेनें तय समय से देरी से चल रही हैं। खराब दृश्यता के चलते कई ट्रेनों को डायवर्ट भी करना पड़ा।

प्रयागराज एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस, रीवा-आनंद विहार एक्सप्रेस और दिल्ली-पटना तेजस राजधानी जैसी कई प्रमुख ट्रेनें लेट रहीं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि सफर पर निकलने से पहले ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें।

IGI एयरपोर्ट पर एडवाइजरी जारी

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) और इंडिगो एयरलाइंस ने कोहरे को लेकर एडवाइजरी जारी की है। एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, घने कोहरे के कारण उड़ानों का संचालन CAT-III प्रणाली के तहत किया जा रहा है, जिससे कुछ फ्लाइट्स में देरी संभव है।

यात्रियों को सलाह दी गई है कि उड़ान से पहले एयरलाइन या उसकी वेबसाइट से लेटेस्ट अपडेट जरूर लें।

फरवरी के पहले हफ्ते में दो बार बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के मुताबिक, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण 1 से 3 फरवरी के बीच दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

इसके बाद 5 से 7 फरवरी के बीच अफगानिस्तान-पाकिस्तान क्षेत्र में एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिसका असर उत्तर भारत में दिखेगा। इस दौरान उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी, जबकि दिल्ली-NCR और यूपी में फिर से बारिश होने के आसार हैं।

पंजाब-हरियाणा में भी फॉग अलर्ट

पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में सुबह और शाम के समय कोहरा छाए रहने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर तक 5 फरवरी तक फॉग अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, असम और मेघालय में भी कोहरे का असर देखने को मिल सकता है।

दिल्ली में आज का मौसम

दिल्ली में आज बादल छाए रहने और सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना है। तेज हवाओं के कारण ठंड का अहसास बना रहेगा। 3 से 7 फरवरी तक बादल और कोहरे का असर जारी रह सकता है। हालांकि राजधानी में भारी बारिश की संभावना कम जताई गई है।

फरवरी में गर्मी कब दिखाएगी असर?

मौसम विभाग का कहना है कि फरवरी के पहले हफ्ते में बारिश के बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। फरवरी 2026 के दौरान न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।

हालांकि उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में शीत लहर वाले दिन अभी बने रह सकते हैं। कुल मिलाकर फरवरी में बारिश के बावजूद अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहने का अनुमान है।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/budget-2026-continuous-fight-over-the-party-is-not-sir-imran-massad-does-not-say-sir-s-kharj/