Friday, January 16, 2026
spot_img
Homecrime newsदिल्ली में दर्जी की बेरहमी से हत्या, बिहारी लाल पर चाकुओं से...

दिल्ली में दर्जी की बेरहमी से हत्या, बिहारी लाल पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार; वजह ने चौंकाया

नई दिल्ली:
दिल्ली में चाकूबाजी की बढ़ती घटनाओं ने एक बार फिर लोगों को दहला दिया है। आदर्श नगर थाना क्षेत्र के लालबाग इलाके में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां 50 वर्षीय दर्जी बिहारी लाल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

घर के सामने हुआ हमला
पुलिस के मुताबिक, यह वारदात देर शाम करीब 7:30 बजे बिहारी लाल के घर के ठीक सामने हुई। बिहारी लाल सृष्टि नगर में दर्जी का काम करते थे और अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में केवल दो बेटियां हैं। मामूली कहासुनी के दौरान नाबालिग आरोपी ने कथित तौर पर बिहारी लाल पर चाकू से हमला किया, जबकि उसके साथी ने उन्हें लात मारकर घायल कर दिया।

गंभीर रूप से घायल बिहारी लाल को तुरंत BJRM अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

चश्मदीदों ने बताई पूरी घटना
परिवार के सदस्य, जो इस घटना के चश्मदीद भी हैं, ने बताया कि इलाके में कुछ लड़के अक्सर आकर हुड़दंग मचाते थे, गालियां देते और साइकिलें इधर-उधर फेंकते थे। वारदात वाले दिन भी ऐसा ही हो रहा था। जब बिहारी लाल ने उन्हें अपशब्द कहने से मना किया, तो आरोपी भड़क गए और बदला लेने के लिए अपने दोस्तों को बुला लिया।

चश्मदीदों के अनुसार, तीन लड़के मौके पर पहुंचे। एक के हाथ में चाकू था, जबकि एक अन्य के पास कथित तौर पर बंदूक थी। इसके बाद उन्होंने बिहारी लाल पर हमला कर दिया। जो लोग बीच-बचाव करने आए, उन पर भी चाकू से वार किया गया। इसी हमले में बिहारी लाल की जान चली गई।

एक आरोपी मौके पर पकड़ा गया
बताया जा रहा है कि तीनों आरोपी आसपास की कॉलोनी के रहने वाले हैं और पहले भी इलाके में हुड़दंग मचाते रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस संबंध में पुलिस से कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। घटना के दौरान ही पड़ोसियों ने एक आरोपी को पकड़ लिया, जिसे बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया।

नाबालिग, स्कूल ड्रॉपआउट निकला आरोपी
पुलिस ने जानकारी दी है कि चाकू से हमला करने वाला आरोपी नाबालिग है और स्कूल ड्रॉपआउट है। उसने 9वीं कक्षा में पढ़ाई छोड़ दी थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि अपशब्द कहे जाने को लेकर वह गुस्से में आ गया था। पुलिस ने उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।

इलाके में दहशत, लोग उठा रहे सवाल
इस मामले में BNS की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्थानीय लोग इलाके में बार-बार हो रही चाकूबाजी की घटनाओं को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं और पुलिस से सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- https://delhidarpantv.com/jal-sajsh-dal-in-murder-state-para-kar-wasam-killed-in-jammu-las-bashnai-gag-nal/

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments