Tuesday, February 17, 2026
spot_img
Homecrime newsदिल्ली के यूट्यूबर से ₹13 करोड़ की रंगदारी मांगने वाला गिरफ्तार

दिल्ली के यूट्यूबर से ₹13 करोड़ की रंगदारी मांगने वाला गिरफ्तार

अंशु ठाकुर, दिल्ली दर्पण टीवी

खुद को कुख्यात बदमाश बताकर एक यूट्यूबर से 13 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। रकम न देने पर यूट्यूबर को जान से मारने की धमकी भी दी। रंगदारी के पैसे लेने आए बदमाश को पुलिस ने बवाना की निर्मल वाटिका के पास धर-दबोचा।
उसकी पहचान विशाल उर्फ कटिया के तौर पर हुई। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मामले को सुलझा लिया। सुरक्षा का हवाला देकर पुलिस ने यूट्यूबर की पहचान गोपनीय रखी है। बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त निधिन वाल्सन ने बताया कि बृहस्पतिवार को बवाना पुलिस थाने में एक व्यक्ति ने खुद को यूट्यूब चैनल का संचालक बताया और रंगदारी के संबंध में शिकायत दी।

यूट्यूबर ने बताया कि 11 महीने पहले उसने प्रेम विवाह किया था। उनके ससुर का छह साल पहले निधन हो गया था, वे अच्छी खासी संपत्ति के मालिक थे। इस संपत्ति का उनकी दो बेटियों, दो बेटों और पत्नी के बीच बंटवारा हुआ था। जिला पुलिस उपायुक्त के अनुसार, यूट्यूबर नौ अप्रैल को किसी काम से बवाना सेक्टर-1 में आए थे।

उनके पास रात करीब 8:27 बजे अनजान नंबर से कॉल आई। कॉलर ने खुद को विशाल उर्फ कटिया बताया और दावा किया कि वह क्षेत्र का कुख्यात अपराधी है। विशाल ने यूट्यूबर से कहा कि उसे मालूम है कि पत्नी को विरासत में 12 एकड़ जमीन मिली है। एक एकड़ की कीमत कथित तौर पर 35 करोड़ रुपये है।

13 करोड़ नहीं दिए, तो जान से हाथ धोना पड़ जाएगा। यूट्यूबर ने पुलिस को बताया कि कॉल करने वाले ने बार-बार उनसे संपर्क करने की कोशिश की और आखिरकार पांचवीं काल का जवाब दिया, तो विशाल आक्रामक हो गया और धमकी दी कि अगर 13 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग पूरी नहीं की गई, तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी निगरानी और मानव खुफिया जानकारी का उपयोग करते हुए गांव बवाना के औचंदी रोड, निवासी आरोपित विशाल उर्फ कटिया की पहचान की। पुलिस ने बवाना गांव की निर्मल वाटिका के पास जाल बिछाया, जैसे ही आरोपित वहां पहुंचा, उसे दबोच लिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments