नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में अवैध LPG सिलेंडर कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने साउथ दिल्ली के राजपुर खुर्द गांव में चल रहे एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 200 से अधिक गैस सिलेंडर बरामद किए और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई
डीसीपी साउथ के अनुसार, 17 मार्च को पुलिस को सूचना मिली थी कि राजपुर खुर्द की ‘जनरेटर वाली गली’ में एक प्लॉट के अंदर अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर स्पेशल स्टाफ की टीम ने मौके पर छापा मारा।
छापेमारी में भारी मात्रा में सिलेंडर बरामद
पुलिस को छापेमारी के दौरान कुल 223 LPG सिलेंडर मिले। इनमें 16 भरे हुए घरेलू सिलेंडर, 45 खाली घरेलू सिलेंडर और 162 खाली कमर्शियल सिलेंडर शामिल हैं। इसके अलावा मौके से एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मापने की मशीन और 8 सेफ्टी कैप भी जब्त किए गए।
बिना लाइसेंस चल रहा था गोदाम
जांच में सामने आया कि यह पूरा गोदाम बिना किसी लाइसेंस या सरकारी अनुमति के चलाया जा रहा था। घनी आबादी वाले इलाके में इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडर रखना आसपास के लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बना हुआ था।

दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से 38 वर्षीय हितेश राठी और 40 वर्षीय अरविंद कुमार को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान दोनों ही आरोपी सिलेंडरों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके।
केस दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने खाद्य आपूर्ति विभाग और गैस कंपनी के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर सिलेंडरों की गिनती करवाई। इसके बाद मैदान गढ़ी थाने में भारतीय न्याय संहिता और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है कि ये सिलेंडर कहां से लाए जा रहे थे और इन्हें किन जगहों पर सप्लाई किया जा रहा था।
यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/eye-sight-of-the-party-falling-in-fire-then-saving-4-lives-by-jumping-from-3-floors/

