राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके सैनिक फार्म से एक बेहद हैरान और चौंकाने वाली वारदात सामने आई है, जहां 72 वर्षीय चार्टर्ड अकाउंटेंट को हनीट्रैप में फंसाकर उनका अपहरण और लूटपाट की गई। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में सेना के एक जवान समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक घटना 2 मई की शाम की है। बुजुर्ग CA अपने सैनिक फार्म स्थित घर में अकेले थे। इसी दौरान उनकी परिचित महिला कल्पना कुमारी उनसे मिलने पहुंची। लेकिन महिला के साथ कुछ अन्य आरोपी भी घर में घुस आए और उन्होंने बुजुर्ग को बंधक बना लिया।
आरोपियों ने बुजुर्ग को टेप से बांध दिया और घर में रखे करीब 5 लाख रुपये, सोने के जेवर, पर्स और जरूरी दस्तावेज लूट लिए। इसके बाद आरोपी उन्हें उनकी ही कार में जबरन बैठाकर मेरठ की तरफ ले गए। रास्ते में आरोपियों ने 50 लाख रुपये की फिरौती मांगते हुए पीड़ित पर परिचितों को फोन करने का दबाव बनाया।
हालांकि फिरौती की रकम का इंतजाम नहीं हो सका। बाद में आरोपी बुजुर्ग को हरियाणा के फिरोजपुर झिरका इलाके के पास दिल्ली-मुंबई हाईवे पर छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह पीड़ित एक ढाबे तक पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
मामले की जांच के दौरान दिल्ली पुलिस ने करीब 36 घंटे तक लगातार पीछा करने के बाद उत्तर प्रदेश के मथुरा से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। बाद में हरियाणा के फतेहाबाद में छापेमारी कर दो अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, सोने के जेवर, दस्तावेज और वारदात में इस्तेमाल की गई एयर गन बरामद की है।
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहे हैं या नहीं।

