दिल्ली में अतिक्रमण पर सख्ती हुई और भी तेज़, पीतमपुरा की मुख्य सड़क से हटाई गई अवैध मजार
दिल्ली दर्पण ब्यूरो | नई दिल्ली | 14 जुलाई 2026
राजधानी दिल्ली में इन दिनों एक ही चर्चा काफी तेज़ है ! अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में मंगलवार को उत्तर-पश्चिम दिल्ली के पीतमपुरा-शालीमार बाग मार्ग पर सरकारी जमीन पर बनी एक कथित अवैध मजार को बुलडोजर चलाकर हटा दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई सड़क चौड़ीकरण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से की गई है।
कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी संख्या में दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती रही, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। अधिकारियों के अनुसार, संबंधित स्थान पर पहले से नोटिस और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा चुकी थी।
दिल्ली सरकार ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी तरह के अवैध कब्जे या निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि राजधानी में विकास परियोजनाओं में बाधा बनने वाले अतिक्रमणों को हटाने का अभियान आगे भी जारी ही रहेगा।