Tuesday, April 28, 2026
spot_img
Homeदिल्लीप्रेस कॉन्फ्रेंस में Atishi और Sanjeev Jha का BJP पर कड़ा प्रहार:...

प्रेस कॉन्फ्रेंस में Atishi और Sanjeev Jha का BJP पर कड़ा प्रहार: “दिल्ली की महिलाओं के ₹2500 कब आएंगे, मोदी जी?”

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) की वरिष्ठ नेता आतिशी और संजीव झा ने आज एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर कड़ा हमला बोला। आतिशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दिल्ली की महिलाओं से किए गए ₹2500 प्रतिमाह के वादे को लेकर सीधा सवाल किया। उन्होंने याद दिलाया कि दिल्ली चुनाव से पहले जनवरी 2025 में पीएम मोदी ने ‘मोदी की गारंटी’ देते हुए वादा किया था कि 8 मार्च 2025 से हर महिला के खाते में ₹2500 आएंगे। आतिशी ने तल्ख लहजे में कहा कि न केवल 2025, बल्कि 2026 की 8 मार्च भी बीत चुकी है, लेकिन दिल्ली की महिलाओं के खाते में एक पैसा भी नहीं पहुंचा है।

इस मुद्दे पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को घेरते हुए आतिशी ने कहा कि वे पश्चिम बंगाल में जाकर चुनाव प्रचार कर रही हैं और वहां की महिलाओं को पैसे देने के वादे कर रही हैं, जबकि दिल्ली की महिलाओं को उन्होंने पूरी तरह से नजरअंदाज किया है। उन्होंने इसे दिल्ली की महिलाओं के साथ सरासर धोखा बताया। वहीं, संजीव झा ने कहा कि बीजेपी दिल्ली विधानसभा का उपयोग केवल अपनी छोटी और तुच्छ राजनीति के लिए कर रही है, जबकि उनका ध्यान जनता के वास्तविक मुद्दों पर होना चाहिए।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के 7 राज्यसभा सांसदों के बीजेपी में शामिल होने के मामले पर भी आतिशी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने इस विलय को पूरी तरह से असंवैधानिक करार दिया और कहा कि दल-बदल कानून (Anti-Defection Law) के तहत दो-तिहाई सांसदों के किसी दूसरी पार्टी में मर्जर का कोई प्रावधान नहीं है। उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाया कि वे ‘साम, दाम, दंड और भेद’ का इस्तेमाल करके न केवल विपक्ष को खत्म करना चाहते हैं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की नींव को भी कमजोर कर रहे हैं।

अंत में, संजीव झा ने बीजेपी की कार्यशैली पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पिछले 15 वर्षों में बीजेपी ने कई बार आम आदमी पार्टी के खत्म होने का ऐलान किया है, लेकिन आज ‘आप’ देश की सबसे तेजी से बढ़ती नेशनल पार्टी बनकर उभरी है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि दुनिया का इतिहास गवाह है कि अत्याचार का अंत निश्चित होता है और बीजेपी की राजनीति का भी अंत का समय आ गया है। उन्होंने दोहराया कि पार्टी पूरी तरह से एकजुट है और इन हथकंडों से डरने वाली नहीं है।

यह भी पढ़ें: https://delhidarpantv.com/after-the-kajrwal-incident-now-the-human-beings-have-to-write-to-the-justice-department-and-make-a-statement/

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments