Wednesday, June 10, 2026
spot_img
Homeदिल्लीद्वारका गोल्फ कोर्स में बड़ा हादसा: तालाब में डूबने से तीन मासूमों...

द्वारका गोल्फ कोर्स में बड़ा हादसा: तालाब में डूबने से तीन मासूमों की दर्दनाक मौत, इलाके में मचा कोहराम

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के द्वारका सेक्टर-24 स्थित गोल्फ कोर्स से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ एक तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। गुरुवार सुबह हुए इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन काफी मशक्कत के बाद जब बच्चों को बाहर निकाला गया, तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।

सुबह 7 बजे मिली हादसे की जानकारी

जानकारी के अनुसार, द्वारका सेक्टर-23 थाना पुलिस को सुबह करीब 7:07 बजे एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई। कॉल में बताया गया कि सेक्टर-24 स्थित गोल्फ कोर्स के तालाब में तीन बच्चे डूब गए हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अपनी टीम और गोताखोरों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग की गाड़ियां भी राहत कार्य के लिए घटनास्थल पर बुलाई गईं।

नहाने उतरे थे बच्चे, गहराई का नहीं मिला अंदाजा

सर्च ऑपरेशन के दौरान तालाब के किनारे बच्चों के कपड़े बरामद हुए हैं। पुलिस का प्राथमिक अंदेशा है कि तीनों बच्चे गर्मी से राहत पाने या खेलने के इरादे से तालाब में नहाने उतरे होंगे। पानी की गहराई का सही अंदाजा न होने के कारण वे गहरे हिस्से में चले गए और डूब गए। मृतकों की उम्र 8 से 10 साल के बीच बताई जा रही है।

पहचान में जुटी पुलिस, जांच शुरू

पुलिस के मुताबिक, अब तक बच्चों की शिनाख्त नहीं हो पाई है और न ही आसपास के किसी थाने में बच्चों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है। पुलिस आसपास की झुग्गी बस्तियों और कॉलोनियों में बच्चों की पहचान के प्रयास कर रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

यह भी पढ़ें: https://delhidarpantv.com/mcd-mayor-election-party-under-the-dominance-of-bjp-in-the-municipal-corporation-he-became-the-new-mayor-manak-pat-upper/

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments